हमला का आरोपित भतीजा को पुलिस ने किया गिरफ्तार आजमनगर थाना क्षेत्र के खुरियाल पंचायत के अलिहारपुर गांव में बुधवार की देर रात आपसी विवाद में हुए झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया. कहासुनी के बाद भतीजे ने अपने ही चाचा पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल हुए 32 वर्षीय श्यामलाल मंडल को परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आजमनगर लाया. प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल कटिहार रेफर कर दिया. वर्तमान में श्यामलाल मंडल की हालत नाजुक बताई जा रही है. वह जिंदगी व मौत की जंग लड़ रहे हैं. थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सिंह ने कहा कि घायल श्यामलाल मंडल की पत्नी 30 वर्षीय रेखा देवी के आवेदन पर मामला दर्ज किया है. त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित भतीजे 20 वर्षीय राजू मंडल पिता सुदर्शन मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया है. पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है. घटना के पीछे के वास्तविक कारणों की तहकीकात की जा रही है. आगे की कार्रवाई जारी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
