नदी किनारे रहने वाले लोग रहें सावधान, कटिहार जिला प्रशासन ने जारी की गाइडलाइन

नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की आशंका के चलते कटिहार जिला प्रशासन ने विशेष सतर्कता बढ़ा दी है. संभावित बाढ़ से निपटने के लिए तैयारियों की समीक्षा की गई है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

Katihar Flood Alert: कटिहार. नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति और गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने की संभावना को देखते हुए कटिहार जिला प्रशासन ने विशेष सतर्कता बढ़ा दी है. संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने को लेकर जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में बुधवार को संबंधित पदाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा की गई. डीएम ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया.

नदी और तटबंध के आसपास रहने वालों को सतर्क करने का निर्देश

समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को संभावित जलस्तर वृद्धि की जानकारी देने का निर्देश दिया. जलस्तर बढ़ने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी भी आम लोगों तक पहुंचाने को कहा गया.

विशेष रूप से नदी और तटबंध के आसपास रहने वाले लोगों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

बाढ़ शरण स्थलों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश

सभी चिन्हित बाढ़ शरण स्थलों की तैयारियां पूरी रखने को कहा गया है. शरण स्थलों पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश, भोजन, चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके.

एसडीआरएफ को क्विक रिस्पांस के लिए तैयार रहने का निर्देश

संभावित आपातकालीन स्थिति में राहत और बचाव कार्य को तेज करने के लिए एसडीआरएफ की टीम को क्विक रिस्पांस के लिए तैयार रहने को कहा गया है. प्रशासन ने अधिकारियों को किसी भी परिस्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.

तटबंधों की सतत निगरानी का निर्देश

बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल एक और दो के कार्यपालक अभियंताओं को तटबंधों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही तटबंध चौकीदारों से नियमित रूप से स्थिति की जानकारी लेकर जिला प्रशासन को अवगत कराने को कहा गया है. किसी भी असामान्य स्थिति या तटबंध से संबंधित सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से संभावित जलवृद्धि को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है. लोगों को नदी, तटबंध और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की ओर नहीं जाने की सलाह दी गई है. प्रशासन ने अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास नहीं करने तथा बाढ़ से संबंधित प्रमाणिक और अद्यतन जानकारी के लिए केवल जिला प्रशासन एवं अधिकृत सरकारी माध्यमों पर भरोसा करने की अपील की है.

जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित

Katihar Flood Alert: आम लोगों की सहायता और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित समन्वय के लिए जिला, अनुमंडल और सभी अंचल स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं. जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06452-242400, 239025 और 239026 हैं. डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को संभावित बाढ़ की स्थिति में सतत निगरानी, आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया के साथ कार्य करने का निर्देश दिया है. जिला प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सूरज कुमार गुप्ता

सूरज कुमार गुप्ता पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया में एक्टिव है. वर्ष 2000 में पत्रकारिता की शुरुआत की. राजनीतिक व सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों पर पत्रकारिता करना इनकी रुचि में शामिल है. सामाजिक कार्यो में उत्कृष्ट योगदान के लिए वर्ष 2007 में इन्हें भारत सरकार की ओर से तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम ने राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित किया था.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >