कैंसर मरीजों और छात्रों की सहूलियत के लिए बारसोई में मांगा ट्रेनों का ठहराव, जानें रेलवे का जवाब

कटिहार रेल मंडल में यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में 11 प्रमुख मांगें उठाई गई हैं. सांसद तारिक अनवर के प्रतिनिधि ने यात्री सुविधाओं, रेल कनेक्टिविटी और आवश्यक ट्रेनों के ठहराव जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को रेल महाप्रबंधक के समक्ष रखा है.

कटिहार. मालीगांव में आयोजित 98वीं जेडआरयूसीसी की बैठक में सांसद तारिक अनवर की ओर से प्रतिनिधि के रूप में जिला कांग्रेस नेता शाहनवाज खान ने कटिहार रेल मंडल में यात्री सुविधाओं, रेल कनेक्टिविटी और यात्रियों की समस्याओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए. जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पंकज कुमार तमाखुवाला ने बताया कि सांसद की ओर से रेल महाप्रबंधक के समक्ष 11 प्रमुख मांगें रखी गई हैं.

कटिहार-मनिहारी-तेजनारायणपुर रेलखंड को मालदा तक जोड़ने की मांग

सांसद की ओर से दिए गए मांगपत्र में कटिहार-मनिहारी-तेजनारायणपुर रेलखंड को भालुका रोड होते हुए मालदा टाउन तक विस्तारित करने की मांग की गई है. सांसद के अनुसार इस विस्तार से 30 लाख से अधिक आबादी को रेल कनेक्टिविटी का लाभ मिल सकेगा.

इस मांग पर रेलवे की ओर से बताया गया कि तेजनारायणपुर-भालुका रोड सेक्शन के लिए आरईटी फिजिबिलिटी सर्वे पूरा हो चुका है और इसकी रिपोर्ट रेलवे बोर्ड को भेजी जा चुकी है.

दक्षिण भारत के लिए प्रतिदिन सीधी ट्रेन चलाने की मांग

मांगपत्र में कटिहार से चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद और तिरुवनंतपुरम के लिए सीधी दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने की मांग की गई है. सांसद की ओर से कहा गया कि वर्तमान में उपलब्ध एकमात्र साप्ताहिक सेवा यात्रियों की जरूरतों के लिए पर्याप्त नहीं है.

खासकर छात्रों और कैंसर मरीजों को दक्षिण भारत की यात्रा करनी पड़ती है. ऐसे में अतिरिक्त ट्रेनों का परिचालन जरूरी बताया गया है. नई ट्रेनों के शुरू होने तक पूर्वोत्तर से दक्षिण भारत जाने वाली सभी ट्रेनों का ठहराव बारसोई जंक्शन पर देने और सेकंड स्लीपर तथा एसी श्रेणी में पर्याप्त कोटा उपलब्ध कराने की मांग की गई है.

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए सर्कुलर रेल सेवा का प्रस्ताव

ग्रामीण और बाढ़ प्रभावित आबादी के लिए रेल कनेक्टिविटी बेहतर करने के उद्देश्य से सर्कुलर रेल सेवा शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया है. प्रस्तावित रूट कटिहार-सोनाली-सलमारी-बारसोई-आजमनगर रोड-कुमेदपुर-लाभा-कुरेठा-कटिहार बताया गया है. सांसद की ओर से कहा गया कि यह सेवा दैनिक यात्रियों, छात्रों, श्रमिकों, मरीजों, किसानों और व्यापारियों के लिए सुविधाजनक और किफायती साबित हो सकती है.

कटिहार-सियालदह के बीच वंदे भारत की मांग

मांगपत्र में कहा गया है कि वर्तमान में कटिहार से कोलकाता के लिए दिन के समय कोई सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं है. इसलिए कटिहार और सियालदह के बीच नई वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने की मांग की गई है. सांसद की ओर से कहा गया कि दिन के समय तेज ट्रेन सेवा शुरू होने से लोगों को कोलकाता की यात्रा में सुविधा मिलेगी और यात्रा का समय भी कम होगा.

यात्रियों की सुविधा और ट्रेनों के ठहराव पर जोर

जेडआरयूसीसी की बैठक में विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव सहित यात्री सुविधाओं से जुड़े अन्य मुद्दे भी उठाए गए. सांसद की ओर से रेल मंडल में कनेक्टिविटी बढ़ाने, यात्रियों की समस्याओं का समाधान करने और ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर रेल सेवा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया. जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज कुमार तमाखुवाला ने बताया कि सांसद की ओर से रखी गई मांगों का उद्देश्य कटिहार और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर, सुविधाजनक और अधिक किफायती रेल सेवा उपलब्ध कराना है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सूरज कुमार गुप्ता

सूरज कुमार गुप्ता पिछले 25 वर्षों से प्रिंट मीडिया में एक्टिव है. वर्ष 2000 में पत्रकारिता की शुरुआत की. राजनीतिक व सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों पर पत्रकारिता करना इनकी रुचि में शामिल है. सामाजिक कार्यो में उत्कृष्ट योगदान के लिए वर्ष 2007 में इन्हें भारत सरकार की ओर से तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ एपीजे अब्दुल कलाम ने राष्ट्रीय युवा पुरस्कार से सम्मानित किया था.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >