कोढ़ा पुलिस ने रामपुर हाट गांव में मिनी गन फैक्ट्री का किया उद्भेदन
दो देशी कट्टा व भारी मात्रा में हथियार बनाने का सामान बरामद, दोनों तस्कर भाई फरार
कोढ़ा. कोढ़ा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है. छापेमारी में अवैध हथियार व भारी मात्रा में हथियार बनाने का सामान पुलिस ने बरामद किया है, जब्कि दोनों तस्कर सगे भाई फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है. 13 अक्तूबर की रात्रि में कोढ़ा थानाध्यक्ष सुजित कुमार को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि कोढ़ा प्रखंड के रामपुर हाट गांव में अवैध हथियारों का कारोबार किया जा रहा है. उक्त सूचना के सत्यापन व आवश्यक कार्रवाई के लिए कोढ़ा डीएसपी रंजन कुमार सिंह सदर टू के नेतृत्व में थानाध्यक्ष अपने पुलिस बल के साथ तत्परता से रामपुर हाट स्थल पर पहुंचे. जहां छापेमारी के दौरान ग्राम रामपुर हाट से दो देशी कट्टा एवं मिनी गन फैक्ट्री की कुछ अन्य सामग्री बरामद की गयी. पुलिस ने इस दौरान दो देशी कट्टा, एक सिलेंडर, तीन गैस लोहा कटिंग मशीन, दो ब्लेड, लेंथ मशीन एक, वेल्डिंग मशीन एक, ड्रिल मशीन दो, लोहा का रेती दो, हेक्सा आरी फ्रेम, छह छेनी, तीन हथौड़ी, पीतल का फ्रेम सांचा, चार लोहा का टुकड़ा, लकड़ी काटने वाला आरी, लोहे का फ्रेम, एक पैकेट वेल्डिंग रड, लोहे का रड, दो लोहे का बना सरसी, पीतल कटिंग फ्रेम सांचा, छह पीस लोहे का नाली बड़ा-छोटा व अन्य हथियार बनाने की सामग्री को बरामद करते हुए जब्त किया है.
इस बाबत थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने बताया कि दो सगे भाई नीरज विश्वकर्मा व नीतीश विश्वकर्मा वेल्डिंग दुकान की आड़ में मिनी गन फैक्ट्री में अवैध हथियार का कारोबार कर रहे थे. नीतीश विश्वकर्मा व नीरज विश्वकर्मा जो की पूर्व में भी कोढ़ा थाना क्षेत्र के फुलवरिया वार्ड संख्या चार में अवैध मिनी गन फैक्ट्री के उद्भेदन में जेल जा चुके थे. बेल पर रिहा होने पर पुनः रामपुर हाट गांव के समीप अवैध तरीके से हथियार का निर्माण कर रहे थे, जिसकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस सघन छापेमारी कर रही है. अग्रतर कार्रवाई में जुटी हुई है.विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हथियार तस्करों के खिलाफ पुलिस काफी सक्रिय है. इसके खिलाफ लगातार छापेमारी की जा रही है. इसी क्रम में कोढ़ा थाना क्षेत्र में कोढ़ा पुलिस के द्वारा एक मिनी गन फैक्ट्री का सफल उद्भेदन किया गया है. नीतीश विश्वकर्मा एवं नीरज विश्वकर्मा वर्ष 2021 में भी मिनी गन फैक्ट्री के मामले में जेल जा चुके थे.शिखर चौधरी, एसपीB
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
