कटिहार : लायंस क्लब ऑफ कटिहार के तत्वावधान में सोमवार को डीआरएम बिल्डिंग के समीप निःशुल्क मधुमेह जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में कुल 160 लोगों की मधुमेह जांच की गई और विशेषज्ञों ने उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया.
मधुमेह के प्रति किया गया जागरूक
लायंस क्लब ऑफ कटिहार की अध्यक्ष लायन लक्ष्मी गुप्ता ने बताया कि शिविर का उद्देश्य लोगों को मधुमेह जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक करना और समय रहते जांच के लिए प्रेरित करना था. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें.
सदस्यों ने निभाई सक्रिय भूमिका
शिविर के सफल संचालन में मधुमेह शिविर समिति के चेयरपर्सन नरेश प्रसाद शाह की महत्वपूर्ण भूमिका रही. इस दौरान लायन पुरुषोत्तम मोदी, निरंजन कुमार, मनोज गुप्ता, नरेश प्रसाद चौधरी, मनोज महाशेठ सहित क्लब के कई सदस्यों ने मरीजों के पंजीकरण, जांच और परामर्श व्यवस्था में सक्रिय सहयोग किया.
समाज सेवा के कार्य जारी रहेंगे
लायंस क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि संस्था भविष्य में भी स्वास्थ्य जागरूकता और समाज सेवा से जुड़े ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करती रहेगी, ताकि लोगों को समय पर जांच और उचित परामर्श मिल सके.
