Katihar Pension Update: कटिहार. सामाजिक सुरक्षा निदेशालय के अंतर्गत संचालित छह सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभुकों को डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि हस्तांतरित की गई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कटिहार जिले के कुल 2,77,671 लाभुकों के खाते में 32,06,71,000 रुपये की राशि हस्तांतरित की. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने की.
छह पेंशन योजनाओं के लाभुक हुए लाभान्वित
कटिहार जिले में मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना और बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के लाभुकों को पेंशन का लाभ दिया गया.जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के अनुसार मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 1,46,460, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 54,194, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 19,673, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 1,410, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 25,106 और बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 30,828 लाभुक शामिल हैं.
समय पर जीवन प्रमाणीकरण कराने की अपील
कार्यक्रम के दौरान डीएम आशुतोष द्विवेदी ने सभी पेंशनधारियों से समय पर जीवन प्रमाणीकरण कराने की अपील की. उन्होंने कहा कि जीवन प्रमाणीकरण समय पर होने से पात्र लाभुकों को पेंशन का लाभ निर्बाध रूप से मिलता रहेगा.
पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर
जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक यशस्वी ने कार्यक्रम की शुरुआत की. उन्होंने पेंशन लाभार्थियों से योजनाओं का समय पर लाभ लेने के साथ-साथ ऐसे पात्र लोगों को भी जागरूक करने की अपील की, जो अभी तक सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से वंचित हैं.
समाहरणालय में आयोजित हुआ कार्यक्रम
Katihar Pension Update: कटिहार समाहरणालय स्थित सभागार में सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक यशस्वी, वरीय उप समाहर्ता अभिषेक रंजन सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.
