KATIHAR: चलती इंटरसिटी ट्रेन से उतरने के दौरान महिला यात्री प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंसी, RPF जवान ने बचाई जान

घटना ट्रेन संख्या 15701 सिलीगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म नंबर 2 से प्रस्थान के समय सुबह लगभग 04:45 बजे की है.

कटिहार से नीरज की रिपोर्ट:

कटिहार: रेलवे स्टेशन पर सोमवार की सुबह एक बड़ा हादसा टल गया. जब एक महिला यात्री चलती ट्रेन से उतरने के दौरान प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गई. रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की तत्परता से महिला की जान बचा ली गई.

घटना ट्रेन संख्या 15701 सिलीगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म नंबर 2 से प्रस्थान के समय सुबह लगभग 04:45 बजे की है. बताया जाता है कि महिला यात्री गलती से गलत ट्रेन में सवार हो गई थी और उसे मालदा पैसेंजर ट्रेन से यात्रा करनी थी. इसी दौरान गलती का एहसास होने पर वह चलती ट्रेन से उतरने लगी और फिसलकर प्लेटफॉर्म व ट्रेन के बीच के गैप में फंस गई.

RPF जवान की सूझबूझ से बची जान
ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल अमित ने स्थिति को देखते ही तुरंत प्रतिक्रिया दी और बिना देर किए महिला यात्री की ओर दौड़ पड़े. उन्होंने साहस दिखाते हुए महिला का हाथ पकड़कर उसे सुरक्षित स्थान पर खींच लिया. उनकी तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया.

महिला यात्री ने स्वीकार की गलती
पूछताछ में महिला यात्री ने बताया कि वह गलती से इंटरसिटी ट्रेन में चढ़ गई थी और उसे मालदा पैसेंजर ट्रेन से यात्रा करनी थी. गलती का एहसास होते ही उसने चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश की, जिसके कारण वह हादसे का शिकार होने वाली थी.

रेल प्रशासन ने की सराहना
कटिहार आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी बिक्रम सिंह ने कांस्टेबल अमित की तत्परता और साहस की सराहना की. उन्होंने कहा कि उनके इस कार्य से न केवल एक जान बची बल्कि आरपीएफ की कर्तव्यनिष्ठा और सतर्कता का उदाहरण भी प्रस्तुत हुआ है. साथ ही उच्च अधिकारियों द्वारा उन्हें सम्मानित किए जाने की बात भी कही गई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

Shruti Kumari is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >