KATIHAR: परीक्षा व्यवस्था से नाराज अभिभावक, सड़क पर धूप और जाम में घंटों इंतजार को मजबूर

वहीं, केबी झा कॉलेज के विद्यार्थियों का यूजी प्रथम सेमेस्टर का सेंटर सीमांचल बीएड कॉलेज में दिए जाने से भी असुविधा बढ़ गई है.

कटिहार से सरोज कुमार की रिपोर्ट:

कटिहार: पूर्णिया विश्वविद्यालय अंतर्गत इन दिनों जिले के सात परीक्षा केंद्रों पर यूजी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा संचालित हो रही है. परीक्षा अब अंतिम दौर में पहुंच चुकी है, लेकिन विश्वविद्यालय की ओर से जहां-तहां परीक्षा केंद्र बनाए जाने से छात्रों से अधिक अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

सीमांचल बीएड कॉलेज, जो शहर से हटकर स्थित है, वहां परीक्षा केंद्र होने के कारण छात्राओं को विशेष कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं, केबी झा कॉलेज के विद्यार्थियों का यूजी प्रथम सेमेस्टर का सेंटर सीमांचल बीएड कॉलेज में दिए जाने से भी असुविधा बढ़ गई है.

अभिभावकों का कहना है कि परीक्षा के दौरान उन्हें कॉलेज परिसर में जगह न मिलने के कारण सड़क के बीचोबीच धूप में खड़े होकर बच्चों के बाहर आने का इंतजार करना पड़ता है. कॉलेज परिसर में पर्याप्त जगह होने के बावजूद अभिभावकों को बाहर सड़क पर रुकने की मजबूरी है.

अभिभावक अमित पासवान, राहुल कुमार और राजकुमार साह ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि इस परीक्षा केंद्र पर जब बच्चे परीक्षा हॉल में प्रवेश करते हैं तो सड़क पर जाम की स्थिति बन जाती है. यह सड़क काफी व्यस्त है और हमेशा वाहनों का आवागमन जारी रहता है, जिससे स्थिति और भी कठिन हो जाती है.

उन्होंने बताया कि बच्चों के परीक्षा हॉल में रहने के तीन घंटे तक अभिभावकों को भारी परेशानी और असुरक्षा की स्थिति में सड़क किनारे खड़ा रहना पड़ता है.

अभिभावकों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की है कि अगली बार परीक्षा केंद्र में बदलाव किया जाए या फिर कॉलेज परिसर में शेड की व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें खुले आसमान के नीचे चिलचिलाती धूप और असुविधा से राहत मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

Shruti Kumari is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >