कटिहार में पिकअप वैन और मैजिक की आमने-सामने टक्कर, चालक का एक पैर कटा

कटिहार के आंबेडकर चौक के पास बुधवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई. तेज रफ्तार पिकअप वैन के रॉन्ग साइड में आने से मैजिक वैन से सीधी टक्कर हो गई. इस हादसे में मैजिक वैन के चालक का एक पैर कट गया. पुलिस पिकअप चालक की तलाश कर रही है.

कटिहार. सहायक थाना क्षेत्र के आंबेडकर चौक के समीप बुधवार सुबह तेज रफ्तार पिकअप वैन और मैजिक वैन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में मैजिक वैन चालक परवेज आलम गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका एक पैर कट गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. हादसे के बाद पिकअप वैन चालक मौके से फरार हो गया.

रॉन्ग साइड में आकर पिकअप ने मैजिक को मारी टक्कर

मैजिक वैन मालिक मंसूर आलम ने बताया कि चालक परवेज आलम बुधवार सुबह हाजीपुर से पूर्णिया की ओर मैजिक वैन लेकर जा रहे थे. इसी दौरान पूर्णिया की ओर से कटिहार आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन कथित तौर पर अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में चली गई और सामने से आ रही मैजिक वैन में जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर के बाद चालक गंभीर रूप से घायल

जोरदार टक्कर के कारण मैजिक वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. चालक परवेज आलम गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका एक पैर कट गया. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोगों ने घायल चालक को मदद पहुंचाने के साथ घटना की जानकारी वाहन मालिक और पुलिस को दी.

सड़क पर कुछ देर लगा जाम

हादसे के बाद सड़क पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई. वाहन मालिक अपने लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त मैजिक को सड़क से हटाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ.

फरार पिकअप चालक की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर सहायक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी ली. पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे के बाद फरार पिकअप चालक की तलाश भी की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राणा प्रताप सिंह

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >