नामांकन के दूसरे दिन कटिहार से निर्दलीय ने दाखिल किया पर्चा

दूसरे व अंतिम चरण के तहत नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बाद विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है.

विधानसभा चुनाव : कदवा, बलरामपुर, प्राणपुर, मनिहारी, बरारी व कोढ़ा में नहीं खुला खाता

कटिहार. दूसरे व अंतिम चरण के तहत नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के बाद विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है. नामांकन के दूसरे दिन मंगलवार को कटिहार विधानसभा क्षेत्र के लिए एक निर्दलीय प्रत्याशी ने नामांकन का पर्चा दाखिल किया है. इसी के साथ नामांकन को लेकर खाता भी खुल गया. जानकारी के मुताबिक, कटिहार विधानसभा सीट के लिए निर्दलीय प्रत्याशी अशोक कुमार भगत ने नामांकन पत्र दाखिल किया है. हालांकि अभी तक कदवा, बलरामपुर, प्राणपुर, मनिहारी, बरारी एवं कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र से एक भी प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल नहीं किया है. उल्लेखनीय है कि 20 अक्टूबर नामांकन दाखिल करने की आखिरी तिथि निर्धारित है. ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि अगले एक-दिन बाद नामांकन को लेकर अभ्यर्थियों की भीड़ रहेगी. इसको लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है. खासकर विधि व्यवस्था में किसी तरह की समस्या उत्पन्न नहीं हो. इसको लेकर मुकम्मल तैयारी की गयी है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने नामांकन को लेकर विभिन्न स्थानों पर तैनात किये गये दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए है. इस बीच कटिहार, प्राणपुर व कोढ़ा से एनडीए की ओर से भाजपा प्रत्याशी की घोषणा हो चुकी है तथा घोषित उम्मीदवार नामांकन की तैयारी में जुटे है. महागठबंधन की ओर से अबतक किसी भी सीट के लिए प्रत्याशियों की घोषणा नहीं हुई है. कौन सी सीट महागठबंधन में शामिल किस घटक दल को जाती है, इसको लेकर तरह-तरह के कयास लगाये जा रहे हैं. गौरतलब हो कि कटिहार जिले के सात विधानसभा क्षेत्र के लिए के लिए द्वितीय चरण के तहत 11 नवंबर को मतदान कराया जायेगा. इसके लिए नामांकन दाखिल होने के बाद 21 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जायेगी तथा 23 अक्टूबर तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे.

एक दर्जन से अधिक लोगों ने कटाया है एनआर

जिला मुख्यालय में कटिहार जिले के सात में से चार विधानसभा सीट के लिए नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ की गयी है. समाहरणालय में कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है, जबकि विकास भवन में प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया जारी है. इसी तरह सदर अनुमंडल परिसर में बरारी विधानसभा एवं कटिहार सदर विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है. जानकारी के मुताबिक, बरारी विधानसभा क्षेत्र के लिए आठ लोगों ने नाजिर रसीद कटायी है, जबकि कटिहार विधानसभा क्षेत्र के लिए छह लोगों ने नजिर रसीद कटायी. कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए अब तक किसी ने भी एनआर नहीं कटाया है. कटिहार विधानसभा क्षेत्र के लिए जिन लोगों ने नाजिर रसीद कटायी है. उनमें संजू सिंह, अशोक कुमार भगत, मनीष दुर्गर, अहमद रजा, चंदन कुमार एवं शंकर लाल शर्मा शामिल है, जबकि प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र से प्रेम कुमार मंडल, शाह फैसल एवं बद्रीनारायण मंडल ने भी एनआर कटाया है. जानकारी के मुताबिक, बरारी विधानसभा क्षेत्र से शिवपूजन पासवान, नसीम, गोपाल दास, राजकिशोर यादव, सत्यनारायण अग्रवाल, आजाद, संजू सिंह एवं पवन कुमार एन आर कटाने वालों में शामिल है.

भाजपा के तीनों विधायक पर पार्टी ने जताया भरोसा

इस बीच एनडीए के प्रमुख घटक दल भाजपा ने कटिहार की तीन सीट पर अपने वर्तमान विधायक पर भरोसा जताते हुए उनके नाम की घोषणा की है. कटिहार विधानसभा क्षेत्र से पूर्व उप मुख्यमंत्री व विधायक तारकिशोर प्रसाद पांचवीं बार चुनाव लड़ेंगे, जबकि प्राणपुर एवं कोढ़ा से वर्तमान विधायक क्रमशः निशा सिंह एवं कविता पासवान भाजपा के टिकट पर फिर से चुनाव लड़ेंगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >