– स्थानीय लोगों व दमकल की तत्परता से आग पर काबू, कई घर चपेट में आने से बचे बारसोई प्रखंड के भवानीपुर पंचायत स्थित ग्वालटोली गांव में बुधवार को बिजली के शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गयी. जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गयी. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते एक परिवार का घर जलकर राख हो गया. लोगों की सूझबूझ और दमकल कर्मियों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया. जिससे बड़ा हादसा टल गया. अग्निकांड के पीड़ित खालेक ने बताया कि आग लगने के बाद ग्रामीणों ने तुरंत सहयोग करते हुए घर के लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और दमकल की मदद से कुछ ही घंटों में आग बुझा ली गयी. एक घर, जलावन घर तथा मवेशी का घर नष्ट हो गया. पंचायत के उपमुखिया नूर इस्लाम ने बताया कि आग काफी भयावह थी और तेजी से फैल रही थी, गांव के लोगों की एकजुटता और दमकल विभाग की तत्परता से स्थिति पर नियंत्रण पाया. आशंका जताई कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी है. प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की. बीडीओ चंदन प्रसाद ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है. रिपोर्ट आने के बाद सरकारी प्रावधान के तहत पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जायेगा.
बारसोई ग्वालटोली में शॉर्ट सर्किट से घर जला
बारसोई ग्वालटोली में शॉर्ट सर्किट से घर जला
