फोटो- आरती में शामिल श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network

कटिहार के यज्ञशाला मैदान में 5 दिवसीय गणेश महोत्सव की धूम: महाआरती में उमड़ा श्रद्धालुओं का हुजूम; कानपुर-आगरा के कलाकारों ने बांधा समां

कटिहार में गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम से मनाया गया. यज्ञशाला मैदान में पांच दिवसीय गणेश महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें महाआरती और कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजन संध्या ने समां बांधा.

कटिहार. शहर में सोमवार को गणेश चतुर्थी का पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया. शहर के विभिन्न गणेश मंदिरों में भगवान गणेश की विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना की गयी. मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. सुबह से देर शाम तक मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा.

यज्ञशाला मैदान में पांच दिवसीय गणेश महोत्सव

शहर के यज्ञशाला मैदान में श्री श्री यज्ञशाला गणेश महोत्सव के तत्वावधान में पांच दिवसीय गणेश महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है. सोमवार सुबह वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की गयी. शाम को आयोजित महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. महाआरती में महिलाओं की संख्या विशेष रूप से अधिक रही.

दीप लेकर श्रद्धालुओं ने उतारी भगवान गणेश की आरती

महाआरती के दौरान सैकड़ों महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने हाथों में दीप लेकर भगवान गजानन की आरती उतारी. करीब आधे घंटे तक चले इस भक्तिमय आयोजन से पूरा यज्ञशाला मैदान गणपति की भक्ति में डूबा रहा. चारों ओर भगवान गणेश के जयकारे और भक्ति गीत गूंजते रहे.

महाआरती संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया.

भजन संध्या में कलाकारों ने बांधा समां

महाआरती के बाद भजन संध्या का आयोजन किया गया. इसमें कानपुर से शेफाली द्विवेदी, आगरा से रितिका जैन और राजस्थान के अलवर से पहुंचे विनोद म्यूजिकल ग्रुप के कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुति दी.

कलाकारों की प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.

झांकियों के साथ लगा छोटा मेला

पांच दिवसीय गणेश महोत्सव के दौरान आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी. आयोजन स्थल के बाहर छोटे मेले का भी आयोजन किया गया है. मेले में श्रद्धालुओं के साथ बच्चों ने भी विभिन्न गतिविधियों का आनंद लिया.

आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्य जुटे

गणेश महोत्सव को सफल बनाने में समिति के शंभु अग्रवाल, भोला साह, राजेश महासेठ, गोपाल वर्णवाल, दिलीप पूर्वे, श्रवण अग्रवाल, मनीष कुमार, सन्नी राजपाल, पिंटू, भवेश मंडल, प्रमोद पोदगा, पंचानंद नायक, प्रभात सहित अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजकिशोर

राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >