फलका प्रखंड के रहटा पंचायत के छपन्ना गांव में गुरुवार क़ो अचानक आग लग गयी. इस अगलगी की घटना में चार परिवारों के चार घर सहित घर में रखे नगदी चार लाख रुपये जलकर राख हो गया. भीषण अग्निकांड में करीब पंद्रह लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है.अग्निपीड़ित इस घटना को लेकर हताश व परेशान नजर आ रहे है. आग की लपटें काफी भयावह हो गई थी. लेकिन ग्रामीणों व अग्निशमन विभाग के अथक प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया. आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. घटना के बारे में बताया जाता है कि गुरुवार की दोपहर करीब बारह बजे एतवारी टुड्डू के घर में अचानक आग लग गयी. आग की लपटें इतना भयावह थी कि देखते ही देखते मोसमात रहमत देवी, रजिन टुड्डू, ननका मारंडी के घर को भी अपने चपेट में ले लिया. इस अग्निकांड में एतवारी टुड्डू के घर में रखे चार लाख रुपये नगद व सारा सामान, रहमत देवी, रजिन टुड्डू, ननका मारंडी के घर में रखा अनाज, कपड़ा, जेवरात सहित सारा सामान जलकर राख हो गया. घटना को लेकर प्रमुख दीपशिखा सिंह, मुखिया राजेश रंजन, जिला पार्षद गायत्री कुमारी, बिनोद मिर्धा, समिति सदस्य शंकर मोहाली सहित सभी ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिजनों के सहयोग के लिए आपदा के तहत मुआवजा दिलाने की मांग की है. कहते हैं सीओ सीओ सैमी पोद्दार ने बताया कि मौके पर राजस्व कर्मचारी को क्षति का आकलन कर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट समर्पित होने के बाद पीड़ितों को आपदा के तहत मिलने वाली सहयोग राशि मुहैया करा दी जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
