कटिहार. जिले में गंगा, कोसी, बरंडी और कारी कोसी नदियों के जलस्तर में कमी आने लगी है, लेकिन बड़ी संख्या में लोग अब भी बाढ़ से घिरे हुए हैं. मंगलवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि जिले के सात प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में बड़ी आबादी बाढ़ से प्रभावित है. अब तक 59 ग्राम पंचायतों के 607 गांव और चार नगर पंचायतों के 40 वार्डों की कुल 9,39,766 आबादी के बाढ़ प्रभावित होने की सूचना मिली है.
133798 परिवारों को 7000 रुपये की जीआर राशि
डीएम ने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग की मानक संचालन प्रक्रिया के तहत बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य लगातार चलाये जा रहे हैं. जरूरतमंद प्रभावित परिवारों को प्रथम चरण में 7000 रुपये प्रति परिवार की दर से अनुग्रह अनुदान सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गयी है. कुल 1,33,798 परिवारों के लिए 93,65,86,000 रुपये की राशि हस्तांतरित की गयी है.
उन्होंने बताया कि मनिहारी में 46,626, कुरसेला में 16,549, बरारी में 15,751, मनसाही में 1,484 और समेली में 4,155 प्रभावित परिवारों को जीआर राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गयी है. इसके अलावा 49,233 परिवारों को भी जीआर भेजे जाने की जानकारी दी गयी.
142 नाव और दो मोटर बोट से जारी है आवागमन
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य के साथ आवागमन की सुविधा के लिए कुल 142 नाव और दो मोटर बोट का परिचालन किया जा रहा है. रिपोर्ट के अनुसार बरारी अंचल में 38 नाव, कुरसेला में 25, मनिहारी में 34, अमदाबाद में 18, मनसाही में चार, प्राणपुर में 17, कोढ़ा में तीन, फलका में दो और समेली में एक नाव चलायी जा रही है.
451 सामुदायिक रसोई केंद्रों में मिल रहा भोजन
डीएम के अनुसार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में कुल 451 सामुदायिक रसोई केंद्र संचालित किये जा रहे हैं. बरारी में 70, कुरसेला में 68, मनिहारी में 134, अमदाबाद में 116, मनसाही में छह, समेली में 18 और प्राणपुर में 39 सामुदायिक रसोई केंद्र चलाये जा रहे हैं.
इन केंद्रों के माध्यम से अब तक कुल 44,92,964 बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों को भोजन कराये जाने की जानकारी दी गयी. इसके अलावा जरूरतमंदों के बीच 410 सूखा राशन पैकेट का वितरण किया गया है.
49 पशु शिविरों में 5646 पशुओं का इलाज
बाढ़ प्रभावित अंचलों में पशुओं के उपचार के लिए 49 पशु शिविर संचालित किये जा रहे हैं. इन शिविरों के माध्यम से अब तक 5,646 पशुओं का इलाज किया जा चुका है. जिन स्थानों पर लोग अपने मवेशियों के साथ विस्थापित होकर पहुंचे हैं, वहां भी पशु चिकित्सा की व्यवस्था की जा रही है.
76065 पॉलीथिन शीट का वितरण
बाढ़ प्रभावित और विस्थापित परिवारों के बीच अब तक करीब 76,065 पॉलीथिन शीट का वितरण किया जा चुका है. डीएम ने बताया कि वितरण का काम लगातार जारी है. वहीं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में 184 चापाकल और 206 शौचालय का अधिष्ठापन किया गया है.
24 घंटे सक्रिय है जिला आपातकालीन नियंत्रण कक्ष
जिले में आपदा संबंधी त्वरित सूचना, समन्वय और सहायता के लिए जिला आपातकालीन संचालन केंद्र सह नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्यरत है. प्राप्त सूचना और शिकायतों के आधार पर संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल अवगत कराया जा रहा है और उसका रिकॉर्ड भी संधारित किया जा रहा है. आपदा संबंधी सूचना के लिए 06452-239025, 239026 और 242400 पर संपर्क किया जा सकता है.
प्रेस कांफ्रेंस में अधिकारी रहे मौजूद
प्रेस कांफ्रेंस में सदर एसडीओ सूरज कुमार, वरीय उप समाहर्ता अभिषेक रंजन और डीपीआरओ कन्हैया कुमार मौजूद थे.