कटिहार के डीएस कॉलेज में 15 जुलाई से सात दिवसीय आवासीय ‘आपदा युवा मित्र’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. प्रशिक्षण में डीएस कॉलेज, एमजेएम महिला कॉलेज, आरडीएस कॉलेज सालमारी और केबी झा कॉलेज के कुल 250 राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे.
आपदा प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों का मिलेगा प्रशिक्षण
डीएस कॉलेज की एनएसएस इकाई-वन के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. विवेकानंद स्वामी ने बताया कि प्रशिक्षण परीक्षा विभाग में आयोजित किया जाएगा. पटना और राज्य के बाहर से आए प्रशिक्षक प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन की विभिन्न तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देंगे. अब तक डीएस कॉलेज के करीब 150 छात्र-छात्राओं ने ऑफलाइन पंजीयन कराया है. शेष तीनों कॉलेजों की सूची भी पटना भेजी जा रही है, ताकि यूनिफॉर्म, जूते और अन्य आवश्यक सामग्री की व्यवस्था की जा सके.
फर्स्ट एड से लेकर रोप रेस्क्यू तक का होगा अभ्यास
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को फर्स्ट एड, सीपीआर, अग्नि सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और रोप रेस्क्यू जैसी आपातकालीन तकनीकों की जानकारी दी जाएगी. आवासीय प्रशिक्षण के तहत प्रतिभागियों के लिए परीक्षा भवन के ग्राउंड फ्लोर पर नाश्ता और भोजन की व्यवस्था की गई है.
मिलेगा प्रमाणपत्र, यूनिफॉर्म और बीमा का लाभ
डॉ. विवेकानंद स्वामी ने बताया कि प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क होगा. सरकार की ओर से प्रतिभागियों को मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र, आधिकारिक यूनिफॉर्म, फर्स्ट एड किट, सेफ्टी हेलमेट, लाइफ जैकेट तथा तीन वर्ष तक जीवन एवं स्वास्थ्य बीमा की सुविधा प्रदान की जाएगी. आपदा राहत कार्यों में उपयोग होने वाले सभी सुरक्षा उपकरण राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) की ओर से उपलब्ध कराए जाएंगे.
डीएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण में शामिल होने वाले सभी छात्रों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ होना अनिवार्य है. पंजीयन प्रक्रिया के लिए अलग से पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है.
