गौशाला वार्षिक उत्सव में श्रद्धालुओं ने गौ माता का लिया आशीर्वाद

गौशाला वार्षिक उत्सव में श्रद्धालुओं ने गौ माता का लिया आशीर्वाद

कटिहार शहर के गौशाला में वार्षिक उत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया. गुरुवार को दो दिवसीय गोपाष्टमी मेला का विधिवत समापन हुआ. उत्सव की शुरुआत सुबह गौशाला परिसर में सभी गायों की पूजा से की गयी. श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर गौ माता की आराधना की और पूजा के बाद प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया. गौशाला परिसर में स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी थी. श्रद्धालुओं ने राधा-कृष्ण की अर्चना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की. गौशाला मैदान को आकर्षक तरीके से सजाया गया था. रंग-बिरंगी झालरों, रोशनी व पुष्प सज्जा से पूरा परिसर भव्य रूप में नजर आ रहा था. गोपाष्टमी मेले में भक्तों ने गायों को चूड़ा-मूड़ी के बने लाय, साग-सब्जी व पकवान खिलाकर उनका आशीर्वाद लिया. मेला स्थल पर बच्चों और बड़ों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले, मिकी माउस, खिलौनों के स्टॉल लगाए गए थे. खाने-पीने से लेकर घरेलू सामान व पूजा सामग्री तक के दर्जनों स्टॉलों ने पूरे मेले का माहौल बना दिया. छठ पूजा के समापन के बाद गोपाष्टमी मेला में लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली. श्रद्धालु परिवार सहित पहुंचकर मेले का आनंद उठाते नजर आये. आयोजन समिति की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए महा भंडारे का भी आयोजन किया गया था. जहां बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया. आयोजनकर्ताओं ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी गोपाष्टमी मेला में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक रहा. यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा. बल्कि सामाजिक एकता व सांस्कृतिक उत्सव का भी शानदार उदाहरण रहा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >