अमदाबाद से देवघर के लिए रवाना हुआ कांवरियों का जत्था, 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गुंजायमान हुआ इलाका

पवित्र श्रावण माह में अमदाबाद से देवघर के लिए काँवरियों का उत्साहपूर्ण जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुआ है. 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के जयघोषों के बीच, श्रद्धालु 105 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर महादेव से सुख-समृद्धि की कामना करेंगे.

पवित्र श्रावण माह में भगवान भोलेनाथ की भक्ति और आराधना को लेकर कटिहार जिले के अमदाबाद प्रखंड में अपार उत्साह देखा जा रहा है. गुरुवार को अमदाबाद के विभिन्न गांवों से दर्जनों श्रद्धालुओं का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) में जलाभिषेक हेतु रवाना हुआ. 'बोल बम' और 'हर-हर महादेव' के भक्तिमय जयकारों के साथ रवाना हुए कांवरियों के उत्साह से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया है.

सुल्तानगंज से जल भरकर करेंगे पैदल यात्रा

अमदाबाद के बड़ा रघुनाथपुर, बाखरगंज और रानी बागान के श्रद्धालु सबसे पहले भागलपुर के सुल्तानगंज पहुंचेंगे. वहां उत्तरवाहिनी गंगा नदी में पवित्र स्नान करने के उपरांत कांवर में गंगाजल भरकर श्रद्धालु लगभग 105 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा तय करते हुए झारखंड स्थित प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर (देवघर) पहुंचेंगे, जहां वे शिवलिंग पर जलाभिषेक करेंगे.

"सच्चे मन से जलाभिषेक करने से पूरी होती हैं मनोकामनाएं"

कांवरिया जत्थे की अगुवाई कर रहे सचिन गोस्वामी ने बताया कि श्रावण मास में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने का विशेष महत्व है. मान्यता है कि सच्चे मन से पूजा-अर्चना और जलाभिषेक करने से भगवान शिव की असीम कृपा प्राप्त होती है. इससे घर-परिवार में सुख, शांति, समृद्धि आती है तथा शरीर निरोग रहता है और सभी प्रकार के कष्टों से मुक्ति मिलती है.

ये श्रद्धालु हुए रवाना

देवघर के लिए रवाना होने वाले कांवरियों में किशन रजक, अनीश अग्रवाल, दीपक मंडल, वरुण मंडल, चंदन रजक, प्रेम रजक, माला देवी, हेमलता देवी, सुशीला देवी, प्रमिला देवी सहित दर्जनों शिवभक्त शामिल हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >