मुक्कमल संसाधनों के बाद भी दलन पूरब पंचायत के कई वार्ड में नहीं हो रही सफाई

मुक्कमल संसाधनों के बाद भी दलन पूरब पंचायत के कई वार्ड में नहीं हो रही सफाई

– वार्ड चार के महादलित कॉलोनी जाने वाली सड़क किनारे बजबजा रही गंदगी – समीप में विद्यालय होने के कारण बच्चे हो रहे परेशान कटिहार नगर निगम से सटा दलन पूरब पंचायत के सिरसा वार्ड नंबर चार में मुक्कमल संसाधन के बीच सफाई के अभाव में कचरे का ढेर लगा हुआ है. पिछले आठ वर्षों से एक ही मुखिया रहने के बाद भी इस पंचायत के कई वार्ड के लोग सुविधाओं से वंचित हैं. खासकर महादलितों टाेला मोहल्ला में भेदभाव बरते जाने से वार्ड के लोगों में आक्रोश है. मुखिया नैमूल हक का दावा है कि उनका एकमात्र पंचायत है. जहां विकास की गंगा बह रही है. सड़क, स्ट्रीट लाइट हो या फिर साफ सफाई नियमित रूप से कराकर लोगों को सभी सुविधाओं से लैश किया जा रहा है. लेकिन वार्ड नंबर चार के लोगों का कहना है कि इस वार्ड में सफाई नहीं के बराबर होने की वजह से महीनों से सड़क किनारे कचरा विकास की गंगा को मुंह चिढ़ाने के लिए काफी नजर आ रहा है. वार्ड के लोगों की माने तो पिछले कई माह से इस वार्ड में सफाई नहीं होने के कारण जहां तहां कचरों का ढेर लगा हुआ है. जिसके कारण आवागमन प्रभावित हो जाता है. वार्ड के लोगों द्वारा बार बार इसकी शिकायत करने के बाद भी मुखिया, सरपंच या उपसरपंच के कानों जूं तक नहीं रेंगती है. दूसरे वार्ड की स्थिति इस वार्ड से काफी बेहतर है. उनलोगों का कहना है कि उक्त सड़क किनारे एक निजी विद्यालय हैं. जहां सैकड़ों की संख्या में बच्चे पठन पाठन करते हैं. विद्यालय में प्रार्थना के समय भी कचरे की दुर्गंध से बच्चों को परेशान होना पड़ता है. घनी आबादी होने के कारण उक्त सड़क से दिन भर में सैकड़ों से हजारों लोगों का अवागमन होता है. जगह-जगह साफ सफाई को लेकर लेखन कलाकृति के माध्यम से जागरूक रहने का संदेश दिया गया है. लेकिन विभाग द्वारा सफाई के प्रति अनदेखी के कारण उनलोगों का जीना मुश्किल साबित होने लगा है. टोला के जयप्रकाश यादव, ओमप्रकाश यादव, राहुल कुमार, सुमित कुमार समेत अन्य की माने तो उक्त टोला में पिछले कई महीनों से सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह कूड़ा कचरा का अंबार है. उनलोगों ने मुखिया का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए सफाई कराने की मांग की है. मानदेय नहीं मिलने के कारण ठप है सफाई कार्य ——————————————————- दलन पूरब पंचायत के मुखिया नैमूल हक का कहना है कि साफ सफाई नियमित कार्य कराया जाता है. इन दिनों कर्मचारियों का मानदेय नहीं मिलने के कारण सफाई नहीं हो पा रही है. वार्ड नम्बर चार के सड़क किनारे कचरों के अंबार की जानकारी मिली है. एक से दो दिनों के अंदर कचरा को उठा लिया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >