कटिहार जिले के मनसाही प्रखंड अंतर्गत कुरेठा पंचायत को मॉडल पंचायत के रूप में विकसित करने की दिशा में एक नई पहल शुरू हुई है. पंचायत में विकास कार्यों को गति देने और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर स्थानीय प्रतिनिधियों ने सोमवार को जिला पदाधिकारी (DM) आशुतोष द्विवेदी से मुलाकात की और बनै पोखर परिसर में मॉडल ग्रामीण हाट तथा पार्क निर्माण कराने को लेकर मांग पत्र (आवेदन) सौंपा.
समस्तीपुर के मोतीपुर पंचायत की तर्ज पर होगा विकास
सोमवार को आयोजित जिला स्तरीय जनता दरबार के दौरान कुरेठा पंचायत के मुखिया अवधेश प्रसाद यादव एवं पैक्स अध्यक्ष छोटू कुमार गोस्वामी ने जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी से मुलाकात कर अपना मांग पत्र सौंपा. आवेदन में उल्लेख किया गया है कि कुरेठा पंचायत स्थित बनै पोखर के पास बिहार सरकार की पर्याप्त और उपयुक्त भूमि उपलब्ध है. इस भूमि पर समस्तीपुर जिले के रोसरा प्रखंड अंतर्गत मोतीपुर पंचायत की तर्ज पर:
- मॉडल ग्रामीण हाट
- मॉडल ग्रामीण पार्क
- पोखर के चारों ओर पक्के छठ घाट
का निर्माण कराया जाए. मुखिया ने अवगत कराया कि पंचायत में पंचायत सरकार भवन का निर्माण कार्य पहले से ही प्रगति पर है. इन नई योजनाओं के स्वीकृत होने से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार, स्वरोजगार और मनोरंजन के बेहतर साधन उपलब्ध होंगे.
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को दिए जांच के निर्देश
प्रतिनिधिमंडल की मांगों को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने आवेदन स्वीकार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि अंचल एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से स्थल की जांच कराई जाएगी. जिलाधिकारी ने पूर्व से चल रही विकास योजनाओं को भी गुणवत्ता के साथ तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया ताकि पंचायत का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके.
