मनसाही (कटिहार) : खेत जाने से रोकने, गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति ने मनसाही थाना में आवेदन देकर कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार लगायी है. मामला कुरेठा पंचायत के मटियारी गांव का है.
पीड़ित दिगंबर गोस्वामी ने आवेदन में बताया है कि वह अपने खेत की ओर जा रहे थे. इसी दौरान विष्णु कुमार गोस्वामी, अजीत गोस्वामी और माला देवी ने उन्हें रास्ते में रोककर विवाद शुरू कर दिया. आरोप है कि इसी दौरान पीछे से रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये.
पीड़ित के अनुसार, विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी. उनके बेटे के साथ भी गाली-गलौज और धमकी भरा व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है.
दिगंबर गोस्वामी ने बताया कि जमीन संबंधी विवाद को लेकर आरोपी लगातार उन्हें परेशान कर रहे हैं. इससे उनका परिवार दहशत में है. उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
इधर, मनसाही थाना पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
