एनएच-31 बस डिपो पर मक्का सुखाने से बढ़ा खतरा, प्रशासन की चुप्पी पर सवाल

कोढ़ा नगर पंचायत के मुख्य बाजार गेड़ाबाड़ी चौक पर एनएच 31 के सर्विस रोड पर इन दिनों अव्यवस्था का आलम बना हुआ है.

सर्विस रोड पर दुकानदारों ने जमा रखा है कब्जा, हादसे के बाद भी नहीं हुआ कोई सुधार

कोढ़ा. कोढ़ा नगर पंचायत के मुख्य बाजार गेड़ाबाड़ी चौक पर एनएच 31 के सर्विस रोड पर इन दिनों अव्यवस्था का आलम बना हुआ है. चौक के चारों ओर चाऊमीन, चाट, बर्गर और गुपचुप के दर्जनों ठेले सीधे सड़क पर ही लगाए जा रहे हैं. जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो रहा है. शाम होते ही यहां भीड़ बढ़ जाती है. सड़क पर चलने वाले वाहनों के लिए रास्ता बेहद संकरा हो जाता है. ऐसे में हर दिन बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है. लेकिन प्रशासन इस गंभीर समस्या पर अब तक मौन है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कोढ़ा थाना क्षेत्र में हाल ही में हुए भीषण सड़क हादसे में कई लोगों की जान जा चुकी है. इसके बावजूद भी प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.

अवैध ठेला दुकानों को हटाकर निर्धारित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग

लोगों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते सड़क किनारे लगने वाले इन ठेलों को व्यवस्थित नहीं किया गया, तो फिर से बड़ी दुर्घटना हो सकती है. गेड़ाबाड़ी चौक, जो कि क्षेत्र का सबसे व्यस्त स्थान है. वहां अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है. स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और आम राहगीर जान जोखिम में डालकर सड़क पार करने को मजबूर हैं. दुकानदारों द्वारा गैस सिलिंडर और अन्य ज्वलनशील सामग्री का उपयोग भी खुले में किया जा रहा है. जिससे आग लगने का खतरा भी बना रहता है. राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के किनारे बनाए गए बस डिपो की स्थिति भी चिंताजनक है. यहां मक्का किसानों द्वारा बड़े पैमाने पर सड़क और बस डिपो परिसर में मक्का सुखाया जा रहा है. इससे न केवल बसों के संचालन में बाधा उत्पन्न हो रही है, बल्कि फिसलन और धूल के कारण दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया है. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि गेड़ाबाड़ी चौक से अवैध ठेला दुकानों को हटाकर उन्हें निर्धारित स्थान पर शिफ्ट किया जाय. साथ ही बस डिपो और सड़क किनारे मक्का सुखाने पर तत्काल रोक लगायी जाय. लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता है, तो आने वाले दिनों में एक और बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >