निर्माणाधीन पुलिया ध्वस्त, 15 दिनों से काम बंद

निर्माणाधीन पुलिया ध्वस्त, 15 दिनों से काम बंद

– जान जोखिम में डालकर आवागमन को मजबूर ग्रामीण – बारसोई-विघोर मुख्य सड़क पर चार स्थानों पर ठप निर्माण, दुर्घटना की आशंका बढ़ी बारसोई बारसोई प्रखंड के कचना थाना क्षेत्र अंतर्गत महेशपुर, कमरौल व विघोर पंचायत को जोड़ने वाली बारसोई से विघोर हाट तक की मुख्य सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है. निर्माणाधीन चार स्थानों पर कलवर्ट (पुलिया) एवं केकरा मनी पुल का कार्य ठप होने से स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व निराशा व्याप्त है. ग्रामीणों के अनुसार उक्त निर्माण कार्य संवेदक उमाकांत सिंह द्वारा कराया जा रहा है. जो पूर्व विधायक महबूब आलम के कार्यकाल से लंबित है. आरोप है कि कार्य शुरू तो हुआ. लेकिन कभी भी व्यवस्थित ढंग से नहीं चला, हाल ही में ठेकेदार द्वारा बरसात को नजरअंदाज करते हुए जेसीबी से चारों पुलियों को ध्वस्त कर दिया गया. जिससे सड़क पूरी तरह से बाधित हो गई. जान जोखिम में डालकर आवागमन महेशपुर के समीप स्थिति इतनी खराब है कि लोग अपनी जान जोखिम में डालकर बाइक को धक्का देकर किसी तरह पार कर रहे हैं. पिछले 15 दिनों से लगातार बाइक पलटने व लोगों के घायल होने की घटनाएं सामने आ रही हैं. लेकिन संवेदक अब तक मौके पर नहीं पहुंचा है. बरसात में पूरी तरह कट जायेगा संपर्क ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आने वाले बरसात में स्थिति और भयावह हो जायेगी. खुदाई के कारण बनी गहरी खाई में पानी भरने से पैदल एवं वाहन आवागमन पूरी तरह ठप हो जायेगा. वर्ष 2017 की बाढ़ में टूटा पुल आज तक नहीं बन सका है. जिससे लोगों को बारसोई मुख्यालय पहुंचने के लिए करीब 11 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है. चार पंचायत के 20 हजार लोग प्रभावित विघोर पंचायत के मुखिया मुजफ्फर हुसैन एवं महेशपुर पंचायत के मुखिया अयूब अली ने बताया कि निर्माण कार्य के नाम पर सिर्फ मलवा हटाकर गहरी खाई बना दी गई है. बरसात में यहां तेज धारा बहने की आशंका है. जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जायेगा. इससे कचना थाना क्षेत्र के चार पंचायतों के करीब 20 हजार लोगों को बारसोई अनुमंडल अस्पताल पहुंचने में भारी कठिनाई होगी. साथ ही कचना स्टेशन से ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों को भी लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी. निर्माण स्थल पर नहीं है कोई गतिविधि ग्रामीणों ने बताया कि संवेदक के कैंप में न तो कोई मजदूर है और न ही निर्माण सामग्री, पूरा कार्य पूरी तरह से बंद पड़ा हुआ है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि संवेदक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए एवं अविलंब निर्माण कार्य शुरू कराया जाय. ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और आमलोगों को राहत मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >