ईरान-अमेरिका युद्ध का असर, एलपीजी सिलिंडर के लिए गैस एजेंसियों पर उमड़ रही भीड़

प्रखंड में इन दिनों एलपीजी गैस सिलिंडर को लेकर अफरा-तफरी का माहौल देखा जा रहा है.

ब्लैक में 1500 से 2000 रुपये में बिक रहा सिलिंडर, लंबी कतारों से आम लोग परेशान

कोढ़ा. प्रखंड में इन दिनों एलपीजी गैस सिलिंडर को लेकर अफरा-तफरी का माहौल देखा जा रहा है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान व अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव की खबरों के बाद स्थानीय स्तर पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है. गैस सिलेंडर की संभावित कमी की आशंका को लेकर लोग बड़ी संख्या में गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं. जिसके कारण सुबह से लेकर शाम तक लंबी-लंबी कतारें लगी रहती हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि गैस एजेंसियों के कुछ संचालकों द्वारा एलपीजी सिलेंडर ब्लैक में बेचा जा रहा है. लोगों का कहना है कि जब वे गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने जाते हैं तो उन्हें बताया जाता है कि स्टॉक उपलब्ध नहीं है, लेकिन वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों को 1500 से 2000 रुपये तक की कीमत लेकर सिलेंडर दिया जा रहा है. इससे आम उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी जा रही है. हालांकि सरकार की ओर से कहा गया है कि एलपीजी सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है. घबराने की कोई जरूरत नहीं है. इसके बावजूद कोढ़ा क्षेत्र के कई गैस एजेंसियों पर लोगों की भीड़ लगातार बढ़ रही है. कुछ गैस एजेंसियों पर तो ताला भी लटका हुआ देखा गया. जब इस संबंध में एक गैस एजेंसी के संचालक से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि फिलहाल उनके पास एलपीजी सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध नहीं है. इसलिए वितरण नहीं किया जा रहा है. इधर स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन समय रहते कार्रवाई नहीं करता है तो गैस एजेंसियों द्वारा इसी तरह ब्लैक मार्केटिंग जारी रहेगी. आमलोगों के परेशान होती रहेगी. अब देखना यह होगा कि कटिहार प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है. लोगों को राहत दिलाने के लिए क्या कार्रवाई की जाती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Rajkishor k

राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >