वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले को 8989 मिट्टी नमूना संग्रहण का है लक्ष्य
डीएओ ने अप्रैल माह के अंत तक मिट्टी नमूना संग्रहण करने का दिया निर्देश
कटिहार. किसानों को इस वर्ष अब व्हाट्सएप पर मृदा स्वास्थ्य कार्ड की प्रति उपलब्ध करायी जायेगी. कृषि निदेशक बिहार पटना के 4 अप्रैल 2025 को जारी निर्देश के आलोक में जिला कृषि पदाधिकारी मिथिलेश कुमार ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, किसान सलाहकार सभी को चार अप्रैल को एक पत्र जारी कर वित्तीय वर्ष 2025-26 में मिट्टी नमूना संग्रहण के लिए दिशा निर्देश दिया है. साथ ही हर हाल में शत प्रतिशत मिट्टी नमूना संग्रहण कार्य पूरा करने का आदेश दिया है. उन्होंने कहा है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिला को मिट्टी जांच कार्यक्रम अंतर्गत 8989 मिट्टी नमूना संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रखंडवार, पंचायतवार, कमीवार मिट्टी नमूना संग्रहण के लिए निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में अप्रैल माह के अंत तक पूरा करना अनिवार्य है. मिट्टी नमूना संग्रहण का कार्य मिट्टी बिहार एप www.biharsoilhealth.in के माध्यम से किया जायेगा. नमूना संग्रहण करते हुए फोटोग्राफ एप पर अपलोड करना होगा. जिसमें किसान का मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज रहेगा. ताकि किसानों के व्हाट्सएप पर मृदा स्वास्थ्य कार्ड की प्रति उपलब्ध करायी जा सके. मिट्टी नमूना संग्रहण को लेकर जो निर्देश दिया गया है. उसमें मुख्य रूप से बिहार राज्य में विश्लेषित किये गये मिट्टी नमूनों के आधार पर स्वॉलफर्टिलिटी मैप का निर्माण किया जाना है. जिसके लिए जिला के सभी पंचायताें से 37-38 मिट्टी नमूना प्रति पंचायत के दर से पंचायत के अंतर्गत आने वाले प्रत्येक राजस्व ग्रामों के सभी हिस्सों से भी मिट्टी नमूना का संग्रहण किया जायेगा. मिट्टी नमूना संग्रहण में राजस्व ग्राम के किसानों की सहभागिता अनिवार्य है. मिट्टी नमूना संग्रहण ऐसा जो पूरे गांव का प्रतिनिधित्व कर सकें. गांव के चारों भाग से चारों कोना से, बीच से एवं अन्य रेंडम तरीके से किया जाना है. सभी नमूना संग्रहणकर्ता मिट्टी नमूना संग्रहण का जीपीएस के साथ फोटो भी लेंगे तथा इसकी सॉफ्टकॉपी सहायक निदेशक रसायन, मिट्टी जांच प्रयोगशाला को उपलब्ध करायेंगे. इतना ही नहीं सूचना पत्रक में किसान का हस्ताक्षर अनिवार्य है. उन्होंने बताया कि मिट्टी नमूना संग्रहण का अभी उपयुक्त समय है. सभी नमूना संग्रहणकर्ता को निर्देश दिया गया है कि माह अप्रैल 2025 के अंत तक शत प्रतिशत मिट्टी नमूना संग्रहण कर प्रयोगशाला में उपलब्ध करा दें.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
