कटिहार. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लोक आस्था का महापर्व छठ जिले में शांतिपूर्ण माहौल में मंगलवार को संपन्न हो गया. एसपी शिखर चौधरी के निर्देश पर जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में बने छठ घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. शहर के कारी कोसी छठ घाट, बालू पोखर, विजय बाबू पोखर, तिनगछिया काली मंदिर, वैगना नहर छठ घाट, संतोषी चौक छठ घाट, यज्ञशाला पूजा समिति कृत्रिम छठ घाट, बीएमपी सात छठ घाट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे. जिला पुलिस बल, बीएसएपी, पैरामिलिट्री फोर्स के साथ होमगार्ड के जवान सभी छठ घाटों पर मुस्तैदी से तैनात थे. नगर थानाध्यक्ष सुमन सिंह विजय बाबू पोखर, तीनगछिया काली मंदिर सहित थाना क्षेत्र के अन्य घाट का निरीक्षण करते दिखे. छठ घाट पर नगर थाना के पुलिस पदाधिकारी के साथ साथ पुलिस बल एवं पैरामिलिट्री फोर्स तैनात थे, जबकि सहायक थानाध्यक्ष आनंद कुमार पुलिस पदाधिकारी एवं पैरामिलिट्री फोर्स के साथ कारी कोसी घाट पर तैनात थे. छठ घाट में महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर महिला पुलिस पदाधिकारी व बलों की खासी तैनाती रही.
ट्रैफिक पुलिस भी रही मुस्तैद
पुलिस कप्तान के निर्देश पर सभी छठ घाटों पर मौजूद पुलिस पदाधिकारी से लेकर ट्रैफिक पुलिस अपने कर्तव्य का निर्वहन करते दिखे. एसपी शिखर चौधरी के निर्देश पर जारी रूटचार्ट के अनुसार ही ट्रैफिक डीएसपी सद्दाम हुसैन ने ट्रैफिक नियम का अनुपालन कराया, जिसका परिणाम रहा की छठ घाट में आवागमन करने वाले श्रद्धालुओं को छठ घाट जाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई. शहर के कारी कोसी घाट एवं विजय बाबू पोखर में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ होती है. डीएसपी सद्दाम हुसैन के नेतृत्व में ट्रैफिक थाना अध्यक्ष सहित अन्य ट्रैफिक पुलिस पदाधिकारी एवं बल ट्रैफिक व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण में जुटी रहे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
