कटिहार भाजपा ने अनुशासनहीनता पर कड़ा रुख अपनाते हुए किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह को शनिवार को पार्टी से निष्कासित कर दिया है. यह कार्रवाई उनके कथित वायरल वीडियो के सामने आने के बाद हुई है. जिसमें एक वीडियो में आनंद कुमार सिंह खुलेआम फायरिंग करते नजर आ रहे हैं जबकि दूसरे वीडियो में शराब पीते दिखाई दे रहे हैं. भाजपा जिला महामंत्री रामनाथ पांडे ने जारी पत्र में स्पष्ट किया पार्टी की छवि इससे खराब हो रही है. पार्टी को नुकसान पहुंचने और अनुशासन के उल्लंघन के कारण आनंद सिंह को तत्काल प्रभाव से सभी दायित्वों से मुक्त करते हुए पार्टी से बाहर किया जाता है. भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज राय ने भी साफ शब्दों में कहा कि पार्टी का कोई भी सदस्य हो या पदाधिकारी अनुशासनहीनता के मामले में पार्टी कभी बर्दाश्त नहीं करेंगी. जिलाध्यक्ष ने कहा कि निर्देश के आलोक में आनंद सिंह को पार्टी से निलंबित कर दिया है. जैसे ही ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ पार्टी नेतृत्व ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया गया. जांच के बाद यह कदम उठाया गया है. आनंद सिंह की मुश्किलें केवल पार्टी कार्रवाई तक सीमित नहीं हैं. उनके खिलाफ हाल ही में मुफस्सिल थाना में मामला दर्ज कराया गया है. उन पर आरोप है कि उन्होंने मारपीट, जमीन कब्जाने और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोप हैं. पिछले एक अप्रैल को सिरसा दलन चौक निवासी पुष्पेंद्र कुमार पिता सीताराम शर्मा ने उनके खिलाफ जमीन हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कराया है. मुफस्सिल थाना पुलिस ने भी सक्रियता दिखाते हुए आनंद सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल वायरल वीडियो की जांच जारी है. पुलिस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
फायरिंग करते व शराब पीने का वायरल वीडियो पर भाजपा किसान मोर्चा उपाध्यक्ष को किया निष्कासित
फायरिंग करते व शराब पीने का वायरल वीडियो पर भाजपा किसान मोर्चा उपाध्यक्ष को किया निष्कासित
