बिहार के कटिहार में हाई अलर्ट, बॉर्डर सील, चप्पे-चप्पे पर निगरानी

Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में आज विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान हो रहा है. वोटिंग को लेकर बिहार के बंगाल से सटे जिले कटिहार समेत अन्य जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. पुलिस विशेष रूप से नकदी, हथियार और अन्य प्रतिबंधित सामान की तस्करी पर पैनी नजर बनाए हुए है.

Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल में आज दूसरे और आखिरी फेज की वोटिंग हो रही है. ऐसे में बिहार के कटिहार और बंगाल से सटे सभी सीमावर्ती जिलों में हाई अलर्ट है. जिले की सीमा को पूरी तरह सील कर दिया गया है. पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी के निर्देश पर बीती रात से ही सीमावर्ती इलाकों की चौकसी बढ़ा दी गई है.

कटिहार जिले के बारसोई अनुमंडल के बारसोई, आबादपुर, बलरामपुर, तेलता, सुधानी और कचना थाना इलाके के साथ-साथ कटिहार सदर अनुमंडल के प्राणपुर और रोशना थाना और मनिहारी अनुमंडल के अमदाबाद थाना इलाके में विशेष निगरानी रखी जा रही है.

बनाए गए अस्थायी चेकपोस्ट

पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे सभी प्रमुख सड़कों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अस्थायी चेकपोस्ट बनाए गए हैं. यहां पुलिस बल के साथ अधिकारी तैनात किए गए हैं जो हर आने-जाने वाली गाड़ियों की सघन जांच कर रहे हैं. विशेषकर गाड़ियों के कागजात, डिक्की और सामान की बारीकी से तलाशी ली जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि हो ना पाएं.

नकदी, हथियार और संदिग्ध लोगों पर पुलिस की पैनी नजर

पुलिस विशेष रूप से नकदी, हथियार और अन्य प्रतिबंधित सामान की तस्करी पर नजर बनाए हुए है. इसके लिए तकनीकी निगरानी का भी सहारा लिया जा रहा है. हर संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान का सत्यापन भी किया जा रहा है.

सड़क और नदी मार्ग पर भी पुलिस की पैनी नजर

मोटरसाइकिल, चारपहिया और मालवाहक गाड़ियों की गहन जांच की जा रही है. इसके अलावा नदी मार्ग और कच्चे रास्तों पर भी पुलिस की पैनी नजर है, ताकि असामाजिक तत्व किसी वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल न कर सकें. पुलिस का कहना है कि, पश्चिम बंगाल में मतदान को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए ही इस तरह का ठोस कदम उठाया गया है. ताकि कोई भी असामाजिक तत्व बिहार के रास्ते बंगाल में चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित न कर सके.

एसपी ने क्या कहा?

एसपी ने कहा कि शाम 6 बजे तक सीमा पूरी तरह सील रहेगी. इस दौरान बंगाल की ओर से आने-जाने वाले सभी लोगों और उनके सामानों की सख्ती से जांच की जा रही है. पुलिस हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए है.

(कटिहार से नीरज की रिपोर्ट)

Also Read: BJP ने MLC उपचुनाव के लिए सूर्य कुमार शर्मा को बनाया उम्मीदवार, दीपक प्रकाश की चर्चा पर लगा फुल स्टॉप

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >