कटिहार, बारसोई. आमलोगों से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर शनिवार को बारसोई अनुमंडल कार्यालय में अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता एसडीओ राजू कुमार ने की. बैठक में जनप्रतिनिधियों ने आपूर्ति व्यवस्था, नए राशन कार्ड, बिजली की लो वोल्टेज समस्या, संभावित बाढ़ की तैयारियों, सड़क किनारे बिजली के पोल और शहर की जाम समस्या समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए.
12 हजार राशन कार्ड आवेदन, करीब 8 हजार का केवाईसी बाकी
एसडीओ राजू कुमार ने राशन कार्ड के लंबित आवेदनों पर विशेष चिंता जताई. उन्होंने बताया कि बारसोई अनुमंडल क्षेत्र में राशन कार्ड के लिए करीब 12 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं. सभी आवेदनों को ऑनलाइन किया जा चुका है, लेकिन राशन कार्ड जारी होने से पहले आवेदकों का केवाईसी पूरा होना जरूरी है.
उन्होंने बताया कि अब तक केवल तीन से चार हजार आवेदकों का ही केवाईसी पूरा हो पाया है, जबकि करीब आठ हजार लोगों का केवाईसी अभी बाकी है. एसडीओ ने जनप्रतिनिधियों से लोगों को केवाईसी के प्रति जागरूक करने की अपील की.
राशन डीलर या मेरा ई-केवाईसी ऐप से करा सकते हैं केवाईसी
एसडीओ ने बताया कि आवेदक अपने नजदीकी राशन डीलर के पास जाकर केवाईसी करा सकते हैं. रोजगार या मजदूरी के सिलसिले में दूसरे प्रदेशों में रहने वाले लोग भी मेरा ई-केवाईसी ऐप के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन कर अपना केवाईसी पूरा कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक आवेदकों का केवाईसी पूरा होने पर राशन कार्ड निर्गत करने की प्रक्रिया में तेजी आएगी.
बाढ़ और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में संभावित बाढ़ और आपदा प्रबंधन की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. एसडीओ ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारी रखने का निर्देश दिया. आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक सूचना और कार्रवाई की जाएगी.
जनप्रतिनिधियों ने उठाई लो वोल्टेज की समस्या
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने बिजली विभाग के अधिकारियों के समक्ष बारसोई प्रखंड क्षेत्र में गंभीर होती लो वोल्टेज की समस्या को जोरदार तरीके से उठाया. उन्होंने कहा कि लगातार लो वोल्टेज रहने से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यवसायियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
जनप्रतिनिधियों ने समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की. साथ ही बारसोई जंक्शन से चमड़ा गोदाम के बीच सड़क किनारे स्थित बिजली के पोल को हटाकर साइड करने का मुद्दा भी उठाया गया.
बिजली विभाग ने कार्रवाई का दिया आश्वासन
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. सड़क किनारे स्थित बिजली के पोल को लेकर भी विभागीय स्तर पर पहल करने का आश्वासन दिया गया.
जाम से निजात के लिए टेंपो स्टैंड की मांग
बैठक में शहर की जाम समस्या पर भी गंभीरता से चर्चा हुई. जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सड़कों पर टेंपो के खड़े रहने से आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न होती है. इससे आम लोगों के साथ-साथ यात्रियों को भी भारी परेशानी होती है.जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए व्यवस्थित टेंपो स्टैंड निर्माण की मांग की गई.
सीओ को टेंपो स्टैंड के लिए जमीन उपलब्ध कराने का निर्देश
एसडीओ राजू कुमार ने अंचल पदाधिकारी श्याम सुन्दर साह को टेंपो स्टैंड के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. एसडीओ ने कहा कि भूमि की व्यवस्था होते ही इस दिशा में कार्रवाई तेज की जाएगी. उन्होंने कहा कि अगली बैठक तक उठाई गई प्रमुख समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा.
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में नगर कार्यपालक पदाधिकारी रजनीश कुमार, अंचल पदाधिकारी श्याम सुन्दर साह सहित आपूर्ति विभाग, बिजली विभाग और बाढ़ आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी मौजूद थे. बलरामपुर विधायक प्रतिनिधि सागर साह, नगर पंचायत बारसोई के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि रिंकू सिंह, उपमुख्य पार्षद प्रमोद कुमार साहा, जदयू नेता मनोज कुमार साह, तनवीर आलम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लेकर क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से रखा. बैठक में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने आपसी समन्वय स्थापित कर आम जनता से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में गंभीरता से काम करने का संकल्प लिया.
इसे भी पढ़ें: बिहार BPSC TRE 4 फॉर्म कैसे भरें? जानिए रजिस्ट्रेशन से लेकर फीस पेमेंट की पूरी प्रोसेस
