– माता-पिता व शिक्षकों के मार्गदर्शन से मिली कामयाबी, क्षेत्र के छात्रों के लिए बने प्रेरणा कोढ़ा हथवाड़ा पंचायत के सन्नी राज सन्नी ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की प्रतिष्ठित परीक्षा उत्तीर्ण कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. बड़ी सफलता के बाद सन्नी राज सन्नी अपने पुराने गुरुजनों का आशीर्वाद लेने के लिए कोढ़ा प्रखंड स्थित जया विद्या विहार विद्यालय पहुंचे. उनके विद्यालय पहुंचने पर शिक्षकों और छात्रों ने गर्मजोशी से स्वागत किया. उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया. सन्नी राज सन्नी ने कहा कि उनकी सफलता के पीछे सबसे बड़ा योगदान उनके माता-पिता का है. माता-पिता के त्याग, सहयोग और प्रेरणा ने उन्हें हमेशा आगे बढ़ने का हौसला दिया. उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन व आशीर्वाद के बिना इस मुकाम तक पहुंचना संभव नहीं था. अपने गुरुजनों का आशीर्वाद लेने और उनका धन्यवाद करने के लिए ही वे जया विद्या विहार विद्यालय पहुंचे हैं. यहीं से उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा और मजबूत आधार मिला था. विद्यालय के शिक्षक अक्षय कुमार चौरसिया ने कहा कि यह विद्यालय और पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि यहां का एक छात्र आज यूपीएससी जैसी कठिन और प्रतिष्ठित परीक्षा पास कर बड़े पद की ओर अग्रसर हुआ है. सन्नी राज सन्नी ने वर्ष 2009 से 2013 तक जया विद्या विहार विद्यालय में अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की थी. पढ़ाई के प्रति उनकी लगन और मेहनत शुरू से ही दिखाई देती थी. पांचवीं कक्षा में ही उन्होंने सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षा भी पास कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था.
यूपीएससी में सफलता के बाद गुरुजनों का आशीर्वाद ली, परिजनों में खुशी
यूपीएससी में सफलता के बाद गुरुजनों का आशीर्वाद ली, परिजनों में खुशी
