– व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक दिशा निर्देश कटिहार बिहार स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव वैभव कुमार ने गुरुवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं व व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिया. निरीक्षण के क्रम में अपर सचिव ने सबसे पहले मरीज पंजीकरण काउंटर का निरीक्षण किया. वहां आने वाले मरीजों की पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी ली. उन्होंने अस्पताल में संचालित भव्या पोर्टल के माध्यम से हो रही ऑनलाइन पंजीकरण व्यवस्था की समीक्षा की. उन्होंने दवा वितरण केंद्र का भी निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से पूछा कि सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही दवाएं सभी जरूरतमंद मरीजों तक सही ढंग से पहुंच रही हैं या नहीं. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी मरीज को दवा के लिए परेशान नहीं होना चाहिए. इसके बाद अपर सचिव ने प्रसव कक्ष, नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष तथा शल्य चिकित्सा कक्ष का निरीक्षण किया. उन्होंने वहां की साफ-सफाई, चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की. उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित सभी मानकों का पूरी तरह पालन होना चाहिए. ताकि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवा मिल सके. निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाह्य रोगी विभाग के संचालन की भी जांच की और सिविल सर्जन को निर्देश देते हुए कहा कि चिकित्सकों की ड्यूटी सूची की नियमित जांच स्वयं करें. यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी चिकित्सक समय पर अस्पताल पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं. अपर सचिव ने यह भी स्पष्ट निर्देश दिया कि अस्पताल में किसी भी स्थिति में एक्सपायर हो चुकी दवाएं नहीं रखी जानी चाहिए. यदि कोई दवा एस्पयार हो जाती है तो उसे स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित मानकों के अनुसार नष्ट किया जाय, उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि आमलोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जायेगी. निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन जितेंद्र नाथ सिंह, डीपीएम डॉ किसलय कुमार, उपाधीक्षक डॉ आशा शरण, अस्पताल प्रबंधक चंदन कुमार सिंह सहित कई चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे.
सदर अस्पताल का स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव ने किया औचक निरीक्षण
सदर अस्पताल का स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव ने किया औचक निरीक्षण
