नगर पंचायत कोढ़ा में बैठक, नियमों का सख्ती से पालन कराने का निर्णय
कोढ़ाकोढ़ा नगर पंचायत के गेड़ाबाड़ी बाजार में सड़क किनारे व बाजार क्षेत्र में संचालित मीट दुकानों पर अब सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है. नगर पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन दुकानदारों के पास वैध लाइसेंस नहीं है. उनकी दुकानों को तत्काल प्रभाव से बंद कराया जायेगा. नगर पंचायत में आयोजित बैठक के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी शाहनवाज रजा, स्वच्छता पदाधिकारी सृष्टि सुमन, वार्ड पार्षद धर्मवीर चौधरी, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि खन्ना शर्मा एवं धर्मा शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि अवैध रूप से चल रही मीट दुकानों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं. गंभीरता से लेते हुए यह निर्णय लिया गया है कि बिना लाइसेंस कोई भी दुकान संचालित नहीं होगी.
सभी संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किया जायेगा
अधिकारियों ने कहा कि जल्द ही सभी संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किया जायेगा. नोटिस के बाद जिन दुकानों के पास लाइसेंस नहीं होगा. उन्हें बंद कर दिया जायेगा. लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही दुकानों को पुनः खोलने की अनुमति दी जायेगी. सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन और नियमों का पालन अनिवार्य होगा. मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने कहा कि नगर क्षेत्र में स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम जरूरी है. उन्होंने सभी दुकानदारों से अपील की है कि वे समय रहते लाइसेंस प्राप्त करें और निर्धारित नियमों का पालन करें. ताकि किसी प्रकार की कार्रवाई से बचा जा सके.
