– कटिहार सीट से अबतक एक निर्दलीय ने भरा है पर्चा कटिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रत्याशियों के नामांकन की प्रक्रिया अब तक रफ्तार नहीं पकड़ी है. नामांकन के तीसरे दिन बुधवार को कटिहार विधानसभा क्षेत्र से एक निर्दलीय प्रत्याशी ने अपना नामांकन का पर्चा दाखिल किया है. जबकि कदवा, बलरामपुर, प्राणपुर, मनिहारी, बरारी एवं कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र से एक भी प्रत्याशी ने अब तक नामांकन दाखिल नहीं किया है. कटिहार विधानसभा क्षेत्र से अबतक निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अशोक कुमार भगत ने पर्चा भरा है. जिला मुख्यालय में चार विधानसभा क्षेत्र यथा कटिहार, बरारी, प्राणपुर एवं कोढ़ा के प्रत्याशियों के लिए नामांकन की व्यवस्था की गयी है. समाहरणालय में कोढ़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन की व्यवस्था की गयी है. विकास भवन में प्राणपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन की व्यवस्था है. सदर अनुमंडल परिसर में कटिहार एवं बरारी विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन व्यवस्था की गयी है. चार विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन की व्यवस्था होने की वजह से सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया है. कई जगहों पर बैरिकेडिंग भी की गयी है. नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 अक्तूबर निर्धारित है. 17 व 18 को नामांकन पत्र दाखिल करने की भीड़ लगी रहेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
