– ग्रामीणों ने कटिहार-हसनगंज मार्ग पर सरदाही चौक व मवि भावाड़ा के पास चार घंटे तक सड़क जामकर किया आगजनी व प्रदर्शन – पुलिस प्रशासन के विरुद्ध जमकर की नारेबाजी हसनगंज थाना क्षेत्र के सरदाही चौक के समीप कटिहार-हसनगंज मुख्य मार्ग पर बुधवार की संध्या एक तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी. साइकिल सवार एक युवक सड़क किनारे झाड़ी में जा गिरा. ग्रामीणों ने युवक को झाड़ी से निकालकर इलाज के लिए कटिहार मेडिकल कॉलेज ले गये. डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए युवक को पूर्णिया रेफर कर दिया जबकि, पूर्णिया ले जाने के दौरान 16 वर्षीय युवक साहुल कुमार यादव पिता छंगुरी यादव की रास्ते में मौत हो गयी. आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने दूसरे दिन गुरुवार की सुबह छह बजे कटिहार-हसनगंज मुख्य मार्ग को सरदाही चौक में आगजनी प्रर्दशन करते हुए सड़क जामकर प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की. लगभग चार घंटे तक सड़क जाम होने से सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गयीं. हसनगंज पुलिस व मुफस्सिल पुलिस घटनास्थल पर पहुंच लोगों को शांत करने का प्रयास की लेकिन ग्रामीणों ने एक नहीं सुनी. परिजन आरोपित की गिरफ्तारी की मांग पर अडे़ थे. परिजनों ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले बाइक सवार युवक मिट्ठू कुमार यादव पिता जगलाल यादव, केलाबाड़ी थाना हसनगंज के विरुद्ध पुलिस को आवेदन देकर गिरफ्तारी की मांग की. परिजनों व ग्रामीणों ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले युवक पर मारपीट सहित धमकी देने का भी आरोप लगाया. इधर घटना को लेकर पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ था. मृतक के माता-पिता सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. कटिहार विधान पार्षद अशोक अग्रवाल घटनास्थल पर पहुंच इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों को सांत्वना देते हुए सरकार से मिलने वाली उचित मुआवजा दिलाने की बात कहते हुए काफी समझा-बुझाकर कर लोगों को शांत किया. आवेदन मिलते ही थानाध्यक्ष निक्की कुमारी पुलिस बल के साथ दुर्घटना को अंजाम देने वाले बाइक सवार युवक के घर पहुंचकर बाइक जब्तकर आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी. विधान पार्षद अशोक अग्रवाल, समाजसेवी प्रशांत झा, थानाध्यक्ष निक्की कुमारी ने परिजनों व ग्रामीणों को किसी तरह समझा-बुझाकर जाम को हटाकर मृत युवक के शव को अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल ले गये. लगभग चार घंटे के बाद सड़क जाम हटने के बाद राहगीरों ने राहत की सांस ली. आवागमन बहाल हुआ. इस हादसा में 16 वर्षीय युवक की मौत से पूरे इलाके में लोगों के दिलों को झकझोर कर रख दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
