पहले चुनाव था बहाना, अब क्या...

न्यू मार्केट . सड़क खोद कर छोड़ दिया, आवागमन में हो रही परेशानी टूटी हुई सड़क के कारण अक्सर लगता है जाम कटिहार : एक माह पूर्व प्रशासन द्वारा सड़क निर्माण के नाम पर तोड़ी गयी सड़क को अब तक दुरुस्त नहीं कराया जा सका है. इस कारण न्यू मार्केट में वन-वे की भी समस्या […]

न्यू मार्केट . सड़क खोद कर छोड़ दिया, आवागमन में हो रही परेशानी

टूटी हुई सड़क के कारण अक्सर लगता है जाम
कटिहार : एक माह पूर्व प्रशासन द्वारा सड़क निर्माण के नाम पर तोड़ी गयी सड़क को अब तक दुरुस्त नहीं कराया जा सका है. इस कारण न्यू मार्केट में वन-वे की भी समस्या उत्पन्न हो गयी है. टूटी सड़क को ठीक करवाने को लेकर भी शिकायतें की गयी हैं, लेकिन निर्माण कार्य को अधूरा ही छोड़ दिया गया है. लोगों की माने तो पूर्व में शिकायत करने पर चुनाव का बहाना बनाया गया था, लेकिन चुनाव संपन्न हुए कई दिन बीत गये. निर्माण कार्य को हरी झंडी नहीं दिखायी गयी है.
प्रशासनिक लापरवाही के कारण लोगों को जहां वन-वे ट्रैफिक का सामना करना पड़ता है, वहीं सुबह और शाम जाम से भी निबटना पड़ता है. इसे लचर प्रशासनिक व्यवस्था नहीं तो और क्या कहेंगे. न्यू मार्केट बाजार की सड़कों पर सुबह हो या शाम दुकानें सज जाती हैं और आमजनों की मुसीबतें बढ़ जाती हैं.
फल व सब्जी विक्रेता बगैर किसी की परवाह किये दुकानें सजाने लगते हैं. इस वजह से वाहन चालकों के साथ-साथ राहगीरों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. हालांकि इस बाबत स्थानीय दुकानदारों व लोगों ने कई बार शिकायतें भी दर्ज करायीं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. इन दुकानों की वजह से प्रतिदिन लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है. खासकर ऑफिस जाने वाले और व्यवसाय करने वालों को इन दुकानों से काफी परेशानी होती है. पर, अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे.
फुटपाथी दुकानदार फैलाते हैं गंदगी
बीच सड़क पर मौजूद फुटपाथी दुकानों के कारण न्यू मार्केट में जाम की समस्या के साथ-साथ गंदगी की समस्या भी विकराल होती जा रही है. इन दुकानदारों द्वारा जहां-तहां कचरा फेंक देने और प्लास्टिक की थैलियां इस्तेमाल में लाये जाने के कारण नालों में गंदगी जमा हो जाती है. लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में प्रतिदिन सफाई नहीं होने के कारण नाला जाम हो जाता है. खासकर बरसाती दिनों में तो स्थिति और भी दयनीय हो जाती है. बजबजाती नालियों से कचरे का ढेर पानी के साथ सड़कों पर बहने लगता है और लोगों की परेशानी बढ़ जाती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >