कटिहार : साजिश के तहत एक व्यवसायी के घर में शराब से भरा थैला रख कर उसके यहां दो पुलिस वालों की मदद से कुछ कथित पत्रकारों ने छापेमारी करवायी. छापेमारी में शराब बरामदगी दिखाते हुए व्यवसायी को जेल भिजवाने की धमकी देते हुए व्यवसायी से 1.20 लाख रुपये ठगने का मामला प्रकाश में आया है.
घटना के बाबत पीड़ित व्यवसायी के बयान पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. शहर के फलपट्टी निवासी विनोद भगत ने नगर थाना में आवेदन देकर तीन कथित पत्रकार व दो पुलिसकर्मियों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है.
खुद को बताया उत्पाद विभाग का अधिकारी भी : आवेदक विनोद भगत ने नगर थाना पुलिस को दिये अपने बयान में बताया है कि वह अपने घर के पास था. उसी दौरान एक व्यक्ति ने उसे आकर सूचना दी कि कुछ पुलिसवाले आपको ढूंढ़ रहे हैं. जब वह अपने घर पहुंचे, तो देखा कि दो पुलिस वाले तथा तीन अन्य व्यक्ति वहां खड़े थे. इसमें एक ने पत्रकार तथा एक ने अपना परिचय उत्पाद विभाग के अधिकारी के रूप में दिया. नगर थाना से पुलिस बल के साथ पहुंचे लोगों ने विनोद भगत को सीढ़ी के नीचे से बैग निकालने को कहा. विनोद भगत ने बैग निकाला, तो उसे उनलोगों ने खोलने को कहा. जब बैग खोला, तो उसमें शराब भरी पड़ी थी.
बैग कहां से आया, पता नहीं : विनोद भगत ने कहा कि यह बैग वहां कैसे आया उसे पता नहीं. इस बात पर पुलिस संग आये लोग उसे गिरफ्तार कर जेल भेजने की धमकी देने लगे.
इसके बाद उन लोगों ने मामले को मैनेज करने के लिए छह लाख रुपये की मांग की. व्यवसायी ने जेल जाने के दहशत में उनलोगों को 1.20 लाख रुपये दे दिया. तब जाकर वह लोग वहां से निकले. बाद में घटना में साजिश की बू को लेकर उक्त व्यवसायी विनोद भगत ने नगर थाना में गैरजमानती धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी.
