कटिहार : जिले के 17 पंचायतों के लोक शिक्षा केंद्र से संबद्ध मध्य विद्यालयों में ग्रीष्मावकाश के दौरान समर कैंप लगाया जायेगा. यह कैंप सोमवार से तीन दिन यानी 22 जून तक चलेगा. कक्षा 6-8 तक के छात्र-छात्राओं के लिए यह समर कैंप लगाया जायेगा. सुबह आठ बजे से एक बजे तक समर कैंप के दौरान विभिन्न गतिविधियों का आयोजन होगा.
जिले के एक-एक पंचायत लोक शिक्षा केंद्र को एसआरजी, केआरपी ने गोद लिया है. गोद लिए गये 17 पंचायतों के लोक शिक्षा केंद्र के मध्य विद्यालयों में समर कैंप के दौरान छात्र-छात्राओं को खेल-खेल में पढ़ना, कबाड़ से जुगाड़, गीत, अभिनय, अक्षर, अंक, आकृति से चित्र बनाना, अंगूठा छाप से तरह-तरह के चित्र बनाना, रसोई घर में विज्ञान, कहानी वाचन, कविता, गीत-संगीत, लेखन आदि विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी जायेगी. समर कैंप में बच्चे अपने घर से टिफिन लेकर आयेंगे व आपस में बांट कर खायेंगे. शिक्षक, टोला सेवक व प्रेरक भी आपस में टिफिन शेयर करेंगे. समर कैंप के अंतिम दिन नवनिर्वाचित पंचायत जनप्रतिनिधियों को कैंप में आमंत्रित कर उनका अभिनंदन किया जायेगा. जिला स्तर पर राज्य साक्षरता मिशन प्राधिकरण के सदस्य राज्य संसाधन समूह पटना के विमल मालाकार ने सभी प्रखंडों के केआरपी, प्रखंड कार्यक्रम समन्वयक की बैठक में समर कैंप की तैयारी की समीक्षा की गयी. साथ ही शहर के हरिशंकर नायक मध्य विद्यालय में आयोजित समर कैंप पूर्वाभ्यास संबंधी दो दिवसीय कार्यशाला का भी आयोजन किया गया. केआरपी, प्रखंड कार्यक्रम समन्वयक, संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकों, प्रेरक, टोला सेवकों व शिक्षा स्वयं सेवकों को आवश्यक दिशा निर्देश दे दिया गया है. यह कार्यक्रम राज्य सरकार के निर्देश पर किया जा रहा है.
पैनल रद्द करने को अमर्यादित बताया
कटिहार. जिला मान्यता प्राप्त सांख्यिकी स्वयं सेवक संघ की ओर से जिलाध्यक्ष (एएसवी) सूर्य नारायण सिंह की अध्यक्षता में राजेंद्र स्टेडियम में बैठक हुई. इसमें जिला संघ की ओर से वर्ष 2012-13, 2013-14 में पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण एएसवी के तैयार पैनल को मुख्यमंत्री द्वारा राज्य कैबिनेट में लिए गये दुर्भाग्यपूर्ण पैनल रद्द निर्णय को अशोभनीय, अमर्यादित बताया गया. रद्द पैनल को पुन: कैबिनेट की स्वीकृति एवं सेवा शर्त में संशोधन के लिए राज्यपाल से हस्तक्षेप करने के लिए जिले के 2800 एएसवी द्वारा संयुक्त हस्ताक्षर अभियान चलाकर हस्ताक्षर कॉपी हस्तगत करने का निर्णय लिया गया. इस अवसर पर चंदन कुमार साहा, सुमित कुमार, मुकेश कुमार, शैलेंद्र झा, राजकुमार गुप्ता, संजय सिंह, सूरज कुमार, विनोद कुमार चौधरी, विनय कुमार, विकास कुमार आदि मौजूद थे.
