कटिहार : 10 जून को शहर के व्यस्ततम इलाके गामी टोला में राधेश्याम सोनी के आभूषण दुकान में हुई 1.50 करोड़ लूट को लेकर व्यवसायी अाक्रोशित हैं. चैंबर ऑफ कॉमर्स के तत्वावधान में सभी राजनीतिक दलों के नेता व चेंबर के अधिकारियों ने बुधवार को पुलिस प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए शहर के एमजीरोड […]
कटिहार : 10 जून को शहर के व्यस्ततम इलाके गामी टोला में राधेश्याम सोनी के आभूषण दुकान में हुई 1.50 करोड़ लूट को लेकर व्यवसायी अाक्रोशित हैं. चैंबर ऑफ कॉमर्स के तत्वावधान में सभी राजनीतिक दलों के नेता व चेंबर के अधिकारियों ने बुधवार को पुलिस प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए शहर के एमजीरोड स्थित गोलछा कटरा चौक पर चेतावनी सभा की. सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि घटना के विरोध में 17 जून को बाइक जुलूस व 18 को कटिहार बंद किया जायेगा.
वक्ताओं ने कहा कि दिनदहाड़े आभूषण की दुकान में लूट की घटना को पांच दिन होने को हैं. पुलिस मामले में अब-तक कोई खास सफलता हासिल नहीं कर सकी है. बुधवार को एसपी एक आरोपी को झारखंड के साहेबगंज से गिरफ्तार कर उसे लूट की घटना में संलिप्त बता रहे हैं. अगर वह आरोपी है, तो पीड़ित व्यवसायी से उसके चेहरे की पहचान क्यों नहीं पुलिस ने करायी. पुलिस लूट व हत्या मामले में किसी के चेहरे पर मास्क पहना कर उसे उस घटना की संलिप्ता से जोड़ देती है.
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने कहा कि पुलिस हमारी चुप्पी का फायदा मत उठाये. अगर पुलिस लूट के मामले में शीघ्र अपराधियों को गिरफ्तार कर लूटे हुए आभूषण की बरामदगी नहीं करती, तो शहरी क्षेत्र व जिला में पुलिस प्रशासन के विरुद्ध उग्र आंदोलन किया जायेगा. आपराध बढ़ता जा रहा है और पुलिस व प्रशासन फ्रीज में है.
एक अपराधी को पकड़ कर पुलिस लॉलीपॉप दिखा रही है. वक्ताओं ने यहां तक कहा कि एसपी साहब आप जरूर ईमानदार हैं, लेकिन आपके नीचे के सभी पुलिस पदाधिकारी गलत कार्य में व्यस्त रहते हैं. लोगों में पुलिस के प्रति काफी आक्रोश है. वक्ताओं ने कहा कि पुलिस ईमानदार व स्वच्छ व्यक्ति का इज्जत भी नहीं करती है. एक भी लूट मामले में पुलिस लूटे गये समान या रुपये की बरामदगी नहीं कर पायी है. सवाल उठाया गया कि आखिर लूट गये सामान व राशि कहां जा रही है.
चेतावनी सभा में विधायक तारकिशोर प्रसाद, पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी, पूर्व राज्य मंत्री डॉ राम प्रकाश महतो, पूर्व विधायक सह एमएलसी राजवंशी सिंह, भाजपा नेता चंद्रभूषण ठाकुर, पूर्व लोजपा नेता समरेंद्र कुणाल, चेंबर अध्यक्ष गोपी तंबाकुवाला, पूर्व चेंबर अध्यक्ष विमल सिंह बेगानी सहित, गोपाल सोनी, अनिल चमरिया, विश्वनाथ मुकिम आदि गण्यमान्य ने सभा को संबोधित किया.
17 को बाइक जुलूस व 18 को कटिहार बंद की घोषणा
सर्वदलीय चेतावनी सभा में यह निर्णय लिया गया कि अगर जिला पुलिस व खासकर पुलिस कप्तान का व्यवसायियों के प्रति यही रवैया रहा, तो अब आंदोलन का समय आ गया है. व्यवसायी वर्ग सहित जनप्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर शीघ्र ही आभूषण लूटकांड में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी व लूटे आभूषण की बरामदगी में पुलिस विफल होती है तो 17 जून को बाइक जुलूस व 18 को कटिहार बंद किया जायेगा.