वसंत के आगमन के साथ आज घरों व स्कूलों में विराजेगी माता सरस्वती

सरस्वती को समस्त ज्ञान, साहित्य, संगीत व कला की देवी माना जाता है.

जिले भर में तीन हजार से अधिक स्थानों पर स्थापित होंगी प्रतिमाएं बाजारों में पूजन सामग्री को लेकर दिन भर रही गहमागहमी भभुआ सदर. सरस्वती को समस्त ज्ञान, साहित्य, संगीत व कला की देवी माना जाता है. आज शुक्रवार को शिक्षण संस्थानों में वसंत पंचमी बड़े ही धूमधाम से मनाने की तैयारी की गयी है. वहीं, पूजा समितियों द्वारा भी विशेष तैयारियां की गयी हैं. गौरतलब है कि माघ मास के शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को वसंत पंचमी के रूप में मनाया जाता है. इस दिन विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजा की जाती है. मान्यता है कि इसी दिन शब्दों की शक्ति मनुष्य की झोली में आयी थी. इस अवसर पर बच्चों को पहला अक्षर लिखना सिखाया जाता है. साथ ही गायन-वादन सहित अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाता है. शहर के सभी निजी विद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों सहित जिले के तकरीबन तीन हजार स्थानों पर प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं. इस अवसर पर कई शैक्षणिक संस्थानों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की भी तैयारी की गयी है. गुरुवार को दिन भर सभी जगहों पर पूजा पंडाल निर्माण की तैयारियां होती रहीं. शैक्षणिक परिसरों के खाली स्थानों पर बांस-बल्ले से पंडाल खड़े किये गये. टेंट व शामियाने लगाये जाते रहे और आयोजन स्थलों पर भक्ति गीत बजते रहे. दिन भर आमंत्रण पत्र बांटने का सिलसिला भी चलता रहा. इधर, आज मनाये जाने वाले सरस्वती पूजा को लेकर गुरुवार को दिन भर बाजारों में गहमागहमी बनी रही. कोई प्रसाद के लिए तरह-तरह के फलों की खरीदारी करता दिखा, तो कोई सजावट की सामग्री लेने में व्यस्त रहा. कहीं लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही थी, तो कहीं गेंदा व अन्य फूलों की बुकिंग की जा रही थी. शहर की सभी छोटी-बड़ी किराना दुकानों पर भी देर रात तक पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए भीड़ लगी रही. शहर से लेकर गांव तक से आये खरीदारों की भारी भीड़ के कारण दिन भर एकता चौक सहित अन्य स्थानों पर जाम की समस्या भी गहराती रही.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: VIKASH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >