ऑटो व इ-रिक्शा चालकों से अवैध वसूली करते दो गिरफ्तार, प्राथमिकी दर्ज

चांदनी चौक व भभुआ रोड में पुलिस की छापेमारी, वसूली के सिंडिकेट पर कसा शिकंजा

चांदनी चौक व भभुआ रोड में पुलिस की छापेमारी, वसूली के सिंडिकेट पर कसा शिकंजा रसीद बुक के चार बंडल व नकदी के साथ पकड़े गये आरोपित, भेजे गये जेल मोहनिया शहर. स्थानीय शहर के भभुआ रोड में सोमवार को पुलिस ने गश्ती के दौरान अवैध वसूली करते दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से नकदी राशि सहित वसूली की रसीद का बंडल बरामद किया गया है. गिरफ्तार आरोपितों में वार्ड सात स्टूवरगंज निवासी इरशाद शाह व मल्लाह टोली निवासी गौतम कुमार उर्फ धर्मेंद्र शामिल हैं. उन्हें मेडिकल के बाद कोर्ट में पेश किया गया. जानकारी के अनुसार, सोमवार को पुलिस गश्ती के दौरान वरीय अधिकारियों से सूचना मिली कि चांदनी चौक से रामगढ़ जाने वाले मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज के दक्षिण तथा भभुआ रोड स्थित क्षीर सागर मिठाई दुकान के पास कुछ लोग ऑटो व इ-रिक्शा चालकों से जबरन वसूली कर रहे हैं. सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची. जहां पहली कार्रवाई में रेलवे ओवरब्रिज के समीप एक व्यक्ति को इ-रिक्शा चालकों से वसूली करते पकड़ा गया. तलाशी के दौरान उसके पास से विभिन्न क्रमांक की रसीद बुक के तीन बंडल तथा 120 रुपये नकद बरामद किये गये. इसके बाद पुलिस टीम क्षीर सागर मिठाई दुकान के पास पहुंची, जहां एक अन्य व्यक्ति को ऑटो चालकों से अवैध वसूली करते गिरफ्तार किया गया. तलाशी में उसके पास से रसीद बुक का एक बंडल तथा 890 रुपये नकद बरामद हुए. पुलिस ने दोनों आरोपितों से बरामद सामान को जब्त कर लिया है व उन्हें थाने लाया गया. इस संबंध में दोनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. #डड़वा स्टैंड का था टेंडर, चांदनी चौक पर कर रहे थे वसूली# मोहनिया शहर के चांदनी चौक पर अवैध वसूली के दौरान पकड़े गये दो आरोपित के मामले में जांचे के दौरान हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिन युवकों द्वारा अवैध वसूली चांदनी चौक पर किया जा रहा था. उनका टेंडर डड़वा टैक्सी स्टैंड का है. लेकिन चांदनी चौक पार वसूली कर रहे थे. दोनों आरोपितों से पुलिस ने पूछताछ की, तो दोनों ने बताया कि हम लोगों का डड़वा टैक्सी स्टैंड का टेंडर है, लेकिन वहां ऑटो नहीं रुकता है. इसके कारण हम लोग आकर चांदनी चौक पर वसूली कर रहे थे. #क्या कहते हैं थानाध्यक्ष# इस संबंध में थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया अवैध वसूली करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. उनके पास से वसूली के रसीद व नकदी बरामद किया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >