फोटो10 मार्ग पर गिरा पेड़- कर्मनाशा-चांद मार्ग पर घंटों तक लगी रही वाहनों की कतार, ग्रामीणों ने खुद हटाये पेड़ कर्मनाशा. बुधवार की शाम चमक-धमक के साथ आयी तेज आंधी व बारिश के कारण दुर्गावती प्रखंड में कई जगहों पर पेड़ व उनकी डालियां सड़कों पर गिर गयीं, जिससे कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन बाधित हो गया. इसके साथ ही तार व पोल गिरने से बिजली व्यवस्था भी चरमरा गयी. कर्मनाशा-चांद नहर रोड व खजुरा-ढड़हर पथ सहित अन्य जगहों पर पेड़ गिर गये व कई स्थानों पर बिजली के खंभे व तार टूट गये. ऐसे में अचानक पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गयी. स्थानीय लोगों के अनुसार, कर्मनाशा-चांद रोड पर पिपरी के पास करीब पांच स्थानों पर पेड़ गिरे, वहीं खजुरा से ढड़हर मार्ग पर भी चार-पांच जगहों पर पेड़ गिरने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ. सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर पेड़ हटाना शुरू कर दिया. बिजली विभाग द्वारा भी क्षतिग्रस्त खंभों व तारों को दुरुस्त करने का कार्य शुरू कर दिया गया. खजुरा फीडर से जुड़े सरैयां, सखेलीपुर व धनसराय गांव में रात नौ बजे के बाद बिजली आपूर्ति शुरू हो गयी, लेकिन ढड़हर सहित कई अन्य गांवों में घंटों अंधेरा छाया रहा. गुरुवार की सुबह एक बार फिर विद्युत कर्मी तार व पोल दुरुस्त करने में जुट गये और सुबह 11 बजे के बाद बिजली आपूर्ति शुरू की गयी. हालांकि, इसके बाद भी बार-बार बिजली आती-जाती रही. भीषण गर्मी में घरों में लगे सबमर्सिबल व पंखे शो पीस बन गये. नल-जल योजना के आश्रित रहने वाले लोगों की परेशानी और बढ़ गयी व जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया. विभाग द्वारा नये इंसुलेटर लगाने व तारों को कसने का काम अभी भी जारी है.
दुर्गावती में आंधी से सड़कों पर गिरे पेड़, 18 घंटे बाद बहाल हुई बिजली
कर्मनाशा-चांद मार्ग पर घंटों तक लगी रही वाहनों की कतार, ग्रामीणों ने खुद हटाये पेड़
