= एलपीजी गैस से संबंधित शिकायतों के लिए जिला प्रशासन ने जारी किये हेल्पलाइन नंबर25 दिन बाद ही होगी नये सिलिंडर की बुकिंग, दो-तीन दिनों में की जा रही आपूर्ति कालाबाजारी व अधिक मूल्य वसूली पर हेल्पलाइन नंबर पर दर्ज करा सकते हैं शिकायत भभुआ सदर. जिले में रसोई गैस को लेकर पिछले एक सप्ताह से चल रही मारामारी के बीच जिला प्रशासन और खाद्य व उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार सरकार ने जिले के नागरिकों को आश्वस्त किया है कि राज्य में घरेलू उपयोग के लिए एलपीजी गैस सिलिंडरों की पर्याप्त उपलब्धता है. इसलिए उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ लगाने या किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है. पेट्रोलियम एजेंसियों द्वारा स्पष्ट किया गया है कि घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है तथा सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया जा रहा है. एसडीएम भभुआ अमित कुमार ने बताया कि फिलहाल वर्तमान व्यवस्था के अनुसार, किसी भी उपभोक्ता को पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नये गैस सिलिंडर की बुकिंग (नंबर लगाने) की अनुमति है. बुकिंग दर्ज होने के पश्चात दो से तीन दिनों के भीतर गैस सिलिंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है. इसके लिए खाद्य व उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा गैस आपूर्ति व वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित समय पर गैस सिलिंडर उपलब्ध हो सके. विभाग द्वारा वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी व सुव्यवस्थित बनाने के लिए कई आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं. उधर जिला प्रशासन ने भी आम जनता से अपील की है कि वे धैर्य बनाये रखें और अनावश्यक रूप से गैस एजेंसियों के पास भीड़ न लगाएं, साथ ही किसी भी प्रकार के भ्रामक या अपुष्ट खबरों पर ध्यान न दें. उधर जिला प्रशासन ने आम नागरिकों की सुविधा व उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एलपीजी घरेलू गैस सिलिंडर से संबंधित शिकायत एवं सूचना दर्ज कराने हेतु हेल्पलाइन नंबर जारी किया हैं. इसके अनुसार जिले के किसी भी उपभोक्ता को यदि एलपीजी गैस सिलिंडर की आपूर्ति, अधिक मूल्य वसूली, कालाबाजारी, अनियमितता अथवा अन्य किसी प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ता है, तो वे प्रात: नौ से छह बजे तक निम्नलिखित दूरभाष नंबरों पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील भी किया है कि एलपीजी गैस से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत होने पर जारी किये गये हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें, ताकि संबंधित मामलों में त्वरित जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके. इधर, जिले में गैस की उपलब्धता में कुछ सुधार देखा जा रहा है, हालांकि अभी भी गैस को लेकर लोगों में भ्रामक स्थिति बनी रहने के कारण गैस को लेकर भीड़ में कोई खास कमी नहीं देखी जा रही है, हर कोई अतिरिक्त सिलिंडर भी भर लेने के लिए परेशान दिख रहा है. = संबंधित शिकायतों के लिए जिला प्रशासन के जारी हेल्पलाइन नंबर कैमूर जिला प्रशासन – 06189-222080 भभुआ अनुमंडल प्रशासन – 06189-223221 मोहनिया अनुमंडल प्रशासन – 06187-295281
जिले में घरेलू गैस सिलिंडर की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों पर ध्यान नहीं दें लोग
एलपीजी गैस से संबंधित शिकायतों के लिए जिला प्रशासन ने जारी किये हेल्पलाइन नंबर
