नौवीं के एडमिशन में एनएमएमएस परीक्षा में 50% अंक लाने वालों को मिलेगी प्राथमिकता सात निश्चय-3 के तहत संवरेंगे स्कूल, मॉडल विद्यालयों में नामांकन प्रक्रिया शुरू 40 छात्रों का होगा सेक्शन, तंगहाली दूर कर छात्रों को मिलेंगी हाइटेक सुविधाएं मोहनिया शहर. बिहार सरकार के शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी जिलों में चयनित मॉडल विद्यालयों में नामांकन प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश जारी किया है. इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, पटना द्वारा सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पत्र भेजा गया है. जारी पत्र में बताया गया है कि राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सात निश्चय-3 उन्नत शिक्षा, उज्ज्वल भविष्य के तहत जिले के प्रत्येक प्रखंड में एक-एक उच्च माध्यमिक विद्यालय को मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित किया जा रहा है. इसके लिए पहले ही प्रखंडवार विद्यालयों का चयन किया जा चुका है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि चयनित मॉडल विद्यालयों में कक्षा नौ में नामांकन को लेकर लगातार उठ रहे सवालों को ध्यान में रखते हुए अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न भी तैयार किये गये हैं. निर्देश में कहा गया है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नामांकन प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ की जाये. साथ ही नामांकन के दौरान किसी भी विवाद या असमंजस की स्थिति में अंतिम निर्णय का अधिकार संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी को होगा. शिक्षा विभाग के इस निर्णय से राज्य के छात्रों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद जतायी जा रही है. जिले के प्रत्येक प्रखंड में चयनित मॉडल विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नामांकन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश विभाग द्वारा जारी कर दिये गये हैं. इसमें इस सत्र से कक्षा नौ में नामांकन की प्रक्रिया नये तरीके से लागू की जायेगी, जबकि कक्षा 10, 11 व 12 में पूर्व की भांति नामांकन जारी रहेगा. निर्देशों के अनुसार, प्रत्येक मॉडल विद्यालय में कक्षा नौ के लिए कम से कम एक सेक्शन अनिवार्य होगा, जिसमें 40 छात्र-छात्राओं का नामांकन किया जायेगा. यदि आवेदनों की संख्या अधिक होती है, तो पूर्व निर्धारित इन्टेक कैपेसिटी के आधार पर अतिरिक्त सेक्शन भी संचालित किये जा सकेंगे. मेधा सूची के आधार पर होगा चयन कक्षा नौ में नामांकन मुख्य रूप से एनएमएमएस परीक्षा में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले छात्रों के आधार पर होगा. प्राप्त आवेदनों के अनुसार मेधा सूची तैयार कर पारदर्शी तरीके से 40 छात्रों का चयन किया जायेगा. यदि पात्र छात्रों की संख्या अधिक होती है, तो अंकों के अवरोही क्रम में चयन किया जायेगा. यदि एनएमएमएस उत्तीर्ण छात्रों की संख्या 40 से कम रहती है, तो शेष सीटों को भरने के लिए कक्षा 8 की वार्षिक परीक्षा के अंकों के आधार पर अन्य इच्छुक छात्रों से आवेदन लिया जायेगा. सीट सीमित होने के कारण वंचित छात्र-छात्राओं को निकटवर्ती मॉडल विद्यालय या अन्य उच्च माध्यमिक विद्यालयों में नामांकन का अवसर दिया जायेगा. पंचायत क्षेत्र के अन्य विद्यालयों के कक्षा 8 उत्तीर्ण छात्र यदि निर्धारित सेक्शन में समायोजित नहीं हो पाते हैं, तो उन्हें अन्य सेक्शन या निकटवर्ती विद्यालयों में प्रवेश दिया जायेगा. इसके साथ ही केजीबीवी से जुड़ी छात्राओं का नामांकन संबंधित मॉडल विद्यालय में सुनिश्चित किया जायेगा. महत्वपूर्ण रूप से, मॉडल स्कूल के रूप में चयनित प्रोजेक्ट गर्ल्स स्कूलों में केवल छात्राओं का ही नामांकन होगा. #नामांकन के लिए देने होंगे कई दस्तावेज# -कक्षा आठ का स्थानांतरण प्रमाण पत्र -जन्म प्रमाण पत्र -आधार कार्ड -निवास प्रमाण पत्र -जाति प्रमाण पत्र -आय प्रमाण पत्र -पासपोर्ट साइज फोटो -बैंक खाता विवरण -नामांकन के समय निर्धारित सरकारी शुल्क #नमांकन के लिए 30 अप्रैल अंतिम तिथि जिले के मॉडल स्कूल में बच्चों के नामांकन के लिए अंतिम तिथी निर्धारित की गयी हैं. इसमें नामांकन की अंतिम तिथि 30 अप्रैल 2026 निर्धारित की गयी है. इसके साथ ही पूरी प्रक्रिया की जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक की होगी, जो आवेदन प्राप्त करने, दस्तावेजों के सत्यापन व पारदर्शी तरीके से नामांकन सुनिश्चित करेंगे. नामांकन से जुड़ी सभी जानकारी संबंधित विद्यालय के सूचना पट्ट, जिला शिक्षा विभाग तथा एनआइसी की वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी.
मॉडल विद्यालयों में नामांकन शुरू करने का विभाग ने दिया निर्देश
नौवीं के एडमिशन में एनएमएमएस परीक्षा में 50% अंक लाने वालों को मिलेगी प्राथमिकता
