शराब के नशे में स्कूल पहुंचे कैमूर के शिक्षक सस्पेंड, शिक्षा विभाग ने साफ कहा- कदाचार में लिप्त किसी भी कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा

कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड से शिक्षा विभाग को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. नवसृजित प्राथमिक विद्यालय लाखनडाही में तैनात शिक्षक संजय कुमार सिंह को स्कूल समय में शराब के नशे में पाए जाने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. ग्रामीणों की शिकायत के बाद यह कार्रवाई की गई है.

Kaimur Drunken Teacher Suspended : कैमूर जिले के रामपुर प्रखंड से शिक्षा विभाग को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. नवसृजित प्राथमिक विद्यालय लाखनडाही में तैनात नियोजित शिक्षक संजय कुमार सिंह को स्कूल समय में शराब के नशे में पाए जाने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की अनुशंसा पर यह कार्रवाई की है, जिससे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है.

जानकारी के अनुसार 13 जुलाई को शिक्षक संजय कुमार सिंह विद्यालय परिसर में नशे की हालत में पहुंचे थे. इस दौरान उनका व्यवहार भी अमर्यादित बताया गया. स्कूल में मौजूद ग्रामीणों और अभिभावकों ने जब यह स्थिति देखी तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. मामला सामने आते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को हिरासत में लेकर करीब दो घंटे तक पूछताछ की. हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया, लेकिन घटना ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया.

Kaimur News : ग्रामीणों की शिकायत के बाद खुला मामला

इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर काफी नाराजगी देखने को मिली. ग्रामीणों का कहना था कि जिस जगह बच्चों को शिक्षा और संस्कार सिखाए जाते हैं, वहां इस तरह की हरकत बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. मामले को लेकर विद्यालय के प्रधान शिक्षक ने भी विभाग को लिखित आवेदन दिया था. इसके साथ ही यह खबर स्थानीय अखबारों में भी प्रकाशित हुई, जिससे मामला और गंभीर हो गया.

Education Department Action : BEO की रिपोर्ट के बाद तेज हुई कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए रामपुर के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने 16 जुलाई को विस्तृत प्रतिवेदन जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना को भेजा. अपने पत्र में उन्होंने साफ तौर पर कहा कि संबंधित शिक्षक का यह कृत्य न केवल अशोभनीय और अमर्यादित है, बल्कि बिहार मद्यनिषेध कानून और शिक्षक आचरण नियमावली का भी उल्लंघन है. उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस घटना से शिक्षा विभाग की छवि पर नकारात्मक असर पड़ा है.

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने अपने प्रतिवेदन में तत्काल निलंबन और विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा की थी, जिस पर विभाग ने त्वरित निर्णय लिया.

Ramapur school Incident : 18 जुलाई को जारी हुआ निलंबन आदेश

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना, कैमूर ने 18 जुलाई 2026 को ज्ञापांक 1682 के तहत आदेश जारी करते हुए पंचायत शिक्षक नियोजन इकाई, ग्राम पंचायत अमांव को निर्देश दिया कि संजय कुमार सिंह को नियमानुसार तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए. साथ ही की गई कार्रवाई की जानकारी विभाग को उपलब्ध कराने को कहा गया.

इस आदेश की प्रतिलिपि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला पदाधिकारी को भी भेजी गई है, ताकि मामले की निगरानी सुनिश्चित हो सके.

Shiksha Vibhag : विभाग का सख्त संदेश

शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने साफ कहा है कि सरकारी विद्यालयों में अनुशासन और मर्यादा बनाए रखना अनिवार्य है. मद्यनिषेध कानून का उल्लंघन करने वाले और कदाचार में लिप्त किसी भी कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा. विभाग इस तरह के मामलों पर लगातार नजर बनाए हुए है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Raju kumar

Published by: Ragini Sharma

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >