Kaimur News : वर्ग सात व आठ की छात्राओं को नहीं मिलीं किताबें

पीएम श्री का तमगा प्राप्त किये पीएम श्री आदर्श बालिका प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय रामगढ़ में नामांकन के डेढ़ माह बाद भी शिक्षा विभाग द्वारा वर्ग सात व आठ की किताबें नहीं दिये जाने से छात्राओं का भविष्य अधर में लटकते दिख रहा है.

रामगढ़. पीएम श्री का तमगा प्राप्त किये पीएम श्री आदर्श बालिका प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय रामगढ़ में नामांकन के डेढ़ माह बाद भी शिक्षा विभाग द्वारा वर्ग सात व आठ की किताबें नहीं दिये जाने से छात्राओं का भविष्य अधर में लटकते दिख रहा है. ऐसे में विद्यालय के शिक्षक छात्राओं को मोबाइल के माध्यम से किसी तरह सिलेबस कंपलीट कराने को विवश हैं. इस समस्या को लेकर प्रधानाध्यापक अनिल कुमार सिंह द्वारा बीइओ व डीइओ को वाट्सअप ग्रुप पर लिखित कंप्लेंट करने के बाद भी इस बाबत संवाददाता द्वारा पूछे जाने पर बीइओ पुष्पा कुमारी द्वारा उक्त मामले से अनजान बताया गया. यहां बीते फरवरी माह में रामगढ़ प्रखंड के दो आदर्श बालिका प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय व टेन प्लस टू उच्च विद्यालय रामगढ़ को पीएम श्री विद्यालय का तमगा मिलने के बाद क्षेत्र के अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी थी. आधुनिक पद्धति से पढ़ाई होने वाले आदर्श बालिका प्लस टू के पीएम श्री विद्यालय होने के बाद, कन्या मध्य विद्यालय रामगढ़, कस्तूरबा गांधी विद्यालय व कन्या मध्य विद्यालय गोड्सरा सहित कई प्राइवेट विद्यालयों के भी वर्ग 6 से 8 तक पढ़ाई करने वाली लगभग चार सौ से अधिक छात्राओं ने अपना नामांकन पीएम श्री विद्यालय में कराया है. जबकि, पहली बार विद्यालय पहुंची वर्ग 7 व 8 की छात्राओं की पढ़ाई के लिए दो माह बीतने के बाद भी शिक्षा विभाग द्वारा विद्यालय में एक भी किताब नहीं भेजा गया. विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनिल कुमार सिंह द्वारा इस बाबत शिक्षा विभाग के कार्यालय पटना से बात की गयी, तो उनके द्वारा सभी विद्यालयों के लिए 70 प्रतिशत किताबें आवंटित किये जाने की बात बतायी गयी. जबकि, इस संबंध में एचएम ने कहा कि बीआरसी से डिस्ट्रीब्यूशन सही तरीके से नहीं किये जाने के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है. बीआरसी से कुछ विद्यालयों को 100 प्रतिशत किताबें दी गयी, जिसका खामियाजा हमें भुगतना पड़ रहा है. किताबों के लिए प्रखंड से लेकर जिला तक गुहार लगा चुके हैं, किंतु वहां से केवल आश्वासन ही मिला. साथ ही बताया कि 400 से अधिक नामांकित हुई छात्राओं को पढ़ाने के लिए केवल कन्या मध्य विद्यालय रामगढ़ से दो शिक्षिका आयी है. जबकि, विद्यालय में वर्ग 6 से 12 वीं तक की पढ़ाई के लिए सरकारी मानक के अनुसार अभी भी 20 शिक्षकों की जरूरत है. फिलहाल विद्यालय में वर्ग 6 से 12 वीं तक छात्राओं की संख्या कुल 2400 है, जिन्हें पढ़ाने के लिए विद्यालय में कुल 21 शिक्षक जिसमें आठ शिक्षिका व 13 शिक्षक मौजूद हैं. विद्यालय में प्लस टू की पढ़ाई के लिए शिक्षा विभाग द्वारा कॉमर्स के शिक्षक भेजे गये हैं, जबकि विद्यालय में उक्त संकाय की पढ़ाई नहीं होती है. वर्ग सात व आठ की किताबें ना तो विभाग द्वारा भेजी गयी, ना ही लाइब्रेरी में किताबें उपलब्ध है. शिक्षा विभाग द्वारा वर्ग एक से लेकर आठ तक छात्र-छात्राओं को नि:शुल्क किताबें वितरण किये जाने के चलते बाजार में भी किताबें नहीं मिल रही, जिसका खामियाजा शिक्षकों व छात्राओं को उठानी पड़ रही हैं. राज्य व केंद्र सरकार द्वारा जहां एक तरफ पीएम श्री विद्यालय के विकास व पढ़ाई को लेकर पूरा ध्यान केंद्रित किया जा रहा है, वहीं किताबों के अभाव में बेटियों की पढ़ाई बाधित हो रही है. विद्यालय की 2400 छात्राओं को पढ़ाने के लिए विद्यालय को अभी भी 20 और शिक्षकों की जरूरत है. # क्या कहते हैं प्रधानाध्यापक इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनिल कुमार सिंह ने कहा वर्ग सात व आठ की किताबों के लिए बीइओ से लेकर डीइओ तक वाट्सअप ग्रुप पर लिखित शिकायत दे चुके हैं, उनके द्वारा किताबें मिलने का केवल आश्वासन दिया जा रहा है. बीआरसी से मिस डिस्ट्रीब्यूशन के कारण किताबें नहीं मिल पायी है, जिसका खामियाजा छात्राएं व शिक्षक उठा रहे हैं. # क्या कहती हैं बीइओ उक्त संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पुष्पा कुमारी ने कहा सभी विद्यालयों के एचएम को मैसेज करके किताबें वितरित की गयी हैं. आदर्श बालिका को किताबें क्यों नहीं मिली, इसको लेकर मैं शुक्रवार को विद्यालय का विजिट कर एचएम से मिलकर समस्या को जानूंगी, इसके अलावा बीआरसी में किताबों को डिस्ट्रीब्यूट करने वाले कर्मी से भी इसकी जानकारी लूंगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >