गैस किल्लत की अफवाह से एजेंसी पर उमड़ी भारी भीड़

प्रशासन की लेटलतीफी से वितरण में हुई देरी, घंटों धूप में खड़े रहे उपभोक्ता

प्रशासन की लेटलतीफी से वितरण में हुई देरी, घंटों धूप में खड़े रहे उपभोक्ता मोहनिया शहर. ईरान-इजरायल युद्ध के बीच सोशल मीडिया पर गैस किल्लत की अफवाह तेजी से फैलने लगी है, इसका असर जिले में भी देखने को मिल रहा है. अफवाह के कारण गुरुवार को मोहनिया स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर बड़ी संख्या में उपभोक्ता गैस सिलिंडर लेने के लिए पहुंचे. हालांकि भीड़ की सूचना मिलने के बावजूद प्रशासन करीब तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची, जिसके कारण लोगों को तेज धूप में घंटों इंतजार करना पड़ा. जानकारी के अनुसार, मोहनिया के डड़वा के पास स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर सुबह करीब छह बजे से ही उपभोक्ताओं की काफी भीड़ जुटनी शुरू हो गयी थी. एजेंसी संचालक द्वारा भीड़ की सूचना तत्काल प्रशासन को दी गयी थी, क्योंकि गैस का वितरण प्रशासन की मौजूदगी में कराया जाना था. लेकिन, प्रशासनिक टीम करीब तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची, जिससे वितरण कार्य शुरू होने में काफी बिलंब हुआ है. एजेंसी संचालक प्रदीप कुमार ने बताया कि वह सुबह 7:30 बजे एजेंसी पहुंच गये थे और 8:30 बजे गैस से भरा ट्रक भी पहुंच गया था. सुबह ही प्रशासन को सूचना दे दी गयी थी, लेकिन प्रशासनिक टीम देर से पहुंचने के कारण गैस वितरण शुरू करने में विलंब हुआ. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग गैस सिलिंडर के लिए कतार में खड़े रहे और तेज धूप में उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं, इस संबंध में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और सभी उपभोक्ताओं को नियमानुसार गैस उपलब्ध करायी जायेगी. उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की और कहा कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता है लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >