रामगढ़ थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय पुलिस ने वाहन जांच अभियान चलाया. इस दौरान यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले 15 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई. पुलिस ने इन वाहन चालकों से कुल 19 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया.
दोपहिया और चारपहिया वाहनों के कागजात की जांच
वाहन जांच के दौरान पुलिस जवानों ने मुख्य सड़क से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर आवश्यक कागजात की जांच की. इस दौरान आरसी, इंश्योरेंस, ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की गई. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया गया.
हेलमेट नहीं पहनने वालों से वसूला 15 हजार जुर्माना
पुलिस के अनुसार, हेलमेट नहीं पहनने वाले वाहन चालकों से कुल 15 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया. वहीं, ट्रिपल लोडिंग और बिना इंश्योरेंस के वाहन चलाने वालों से चार हजार रुपये जुर्माना लिया गया. कार्रवाई के बाद वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही.
यातायात नियमों का पालन करने की अपील
पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है. दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और वाहन के सभी जरूरी कागजात साथ रखने को कहा गया है.
आगे भी जारी रहेगा वाहन जांच अभियान
अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा. नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने लोगों से सुरक्षित वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है.
