जमा खान के काफिले में शामिल गाड़ी पर लगा जदयू का झंडा नोचा

विभिन्न संगठनों ने वक्फ संसोधन बिल के खिलाफ प्रदर्शन

भभुआ. मंगलवार को भभुआ शहर में केंद्र सरकार द्वारा लाया गया वक्फ संशोधन बिल के खिलाफ प्रदर्शन रैली निकाली गयी. यह प्रदर्शन रैली जब भभुआ के मुख्य सड़क से होकर गुजर रहा थी. इस दौरान बिहार सरकार की अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान का काफिला उस जाम में फंस गया. वहीं, मंत्री जमा खान की गाड़ी को देख प्रदर्शन कर रहे लोग और आक्रोशित हो गये और उनके खिलाफ नारेबाजी करने लगे. लोगों को आक्रोशित होते देख उनके सुरक्षा बल गाड़ी को सुरक्षित निकालने का प्रयास करने लगे. इसी दरमियान उनके काफिले में शामिल एक गाड़ी पर लगे जदयू के झंडे को प्रदर्शनकारियों द्वारा नोच लिया गया. इस दरमियान जमा खान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गयी. वफ्फ बोर्ड बिल के संसोधन के विरोध में चल रहे विरोध मार्च के बीच में ही शहर के समाहरणालय पथ पर पुराने मुंडेश्वरी सिनेमा हाल के पास बिहार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खां भी अपने वाहनों के काफिले के साथ विरोध मार्च के जाम में फंस गये. इधर, मंत्री की गाड़ी देखते ही प्रदशनकारियों में आक्रोश बढ़ गया. मंत्री और उनके पार्टी के खिलाफ आक्रोशित नारे लगाये जाने लगे. मंत्री के पीछे के वाहनों में लगे जदयू के झंडे भी प्रदशनकारियों द्वारा नोच लिये गये. इधर, जाम और प्रदर्शनकारियों को आक्रोश को देखते हुए मंत्री के बाॅडीगार्डों ने मोर्चा संभालते हुए किसी तरह मंत्री के गाड़ी और उनके काफिले को जाम से बाहर निकलवाया. इसके बावजूद इसके लोग मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते रहे. प्रदर्शन करने वालों में मो हनीफ खां, इमतियाज अंसारी, एजाज अंसारी, सफिक खां, बाबू खां, मुकेश कुमार, जमिल खां, फैसल खां, अलि हसन आदि शामिल थे.

समाहरणालय पर भी प्रदर्शन करते हुए डीएम के माध्यम से सरकार को दिया गया आवेदन

भारत सरकार द्वारा किये जाने वाले वक्फ बिल के संशोधन खिलाफ निकाले गये विरोध प्रर्दशन मंगलवार को जिले में विभिन्न राजनैतिक संगठनों के विरोध मार्च में मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड, एआइएमआईएम, डाॅ आंबेडकर स्टूडेंट ऑफ इंडिया, भीम आर्मी आदि पार्टी के कार्यकर्ताओं सहित सामाजिक संगठनों के लोग भी शामिल हुए. इधर, इस विरोध मार्च को लेकर शहर के पटेल चौक पर प्रदर्शनकारियों का जमावड़ा दिन के 12 बजे के आस पास लगना शुरू हुआ. इसके बाद पटेल चौक से कचहरी पथ होते हुए यह विरोध मार्च समाहरणालय के लिए रवाना हुआ. व���्फ बिल के संशोधन के विरोध में निकाले गये विरोध मार्च में बैनर और हाथ में पोस्टरों की तख्तियां उठाये कार्यकर्ता शामिल थे. विरोध मार्च में हम वक्फ बचाने निकले हैं, आओ हमारे साथ चलो, वक्फ हमारा अधिकार हमारा, वापस लो अभी वक्फ बिल, भीम भीम का नारा है, आदि नारों के साथ सरकार विरोधी नारे भी लगाये जा रहे थे. धीरे धीरे यह प्रदर्शन मार्च शहर के विभिन्न चौक चौराहों से होते हुए जिला समाहरणालय पर पहुंचा, जहां वक्फ बिल को लेकर वक्ताओं ने बिहार सरकार व भारत सरकार के प्रति अपना आक्रोश जाहिर किया. समाहरणालय पर प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी के नाम एक संयुक्त हस्ताक्षर वाला आवेदन सौंपते हुए आवेदन में डीएम से अनुरोध किया गया कि अपने माध्यम से वक्फ बिल के संशोधन के विरोध में किये गये शांतिपूर्ण इस विरोध मार्च के उद्देश्यों को भारत सरकार, बिहार सरकार एवं सर्वोच्च न्यायालय को अवगत कराएं.

विरोध मार्च के दौरान जाम में फंसे स्कूली बच्चों सहित छटपटाते रहे लोग

भभुआ. इधर वक्फ बिल के संशोधन के विरोध में विभिन्न राजनैतिक संगठनों द्वारा भभुआ शहर में निकाले गये विरोध मार्च से शहर के कचहरी पथ से लेकर जिधर-जिधर विरोध मार्च गुजरा, सड़कों पर जाम की स्थिति बन गयी. ठीक दोपहर में लगे इस जाम में कई स्कूलों के वाहन भी फंस गये. इसमें स्कूली बच्चे भरे हुए थे. ऊपर से तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण बच्चों के चेहरे जाम में लटके हुए थे. इसी तरह प्राइवेट वाहन और सवारी वाहनों सहित इ रिक्सा, ऑटो आदि में बैठे लोग भी जाम में फंस कर छटपटा रहे थे. कहीं से वाहनों को निकलने का मौका नहीं मिल रहा था, जबकि पैदल चलने वाले भी जगह बनाने के लिये परेशान दिखाई दे रहे थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Panchdev kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >