कैमूर के स्कूल-कॉलेजों में आज से गूंजेगी खेलों की आवाज, राष्ट्रीय खेल दिवस पर होंगे दौड़-योग और फिटनेस कार्यक्रम

राष्ट्रीय खेल दिवस पर कैमूर के सभी स्कूलों में खेल महाकुंभ का आयोजन। फिट इंडिया अभियान के तहत छात्र खेल और योग में लेंगे भाग, मेजर ध्यानचंद को दी जाएगी श्रद्धांजलि।

Kaimur News : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार से कैमूर सहित बिहार के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों व अन्य शिक्षण संस्थानों में खेल और फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा. राज्य सरकार ने राष्ट्रीय खेल दिवस को महज औपचारिक आयोजन तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी के साथ उत्सव के रूप में मनाने का निर्देश दिया है. मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर जिले में खेल प्रतियोगिताओं, दौड़, योग और फिटनेस कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.

मेजर ध्यानचंद की जयंती पर होंगे व्यापक आयोजन

खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद ने सभी जिलों के अधिकारियों को राष्ट्रीय खेल दिवस पर व्यापक स्तर पर खेल गतिविधियां आयोजित कराने का निर्देश दिया है. इसी के तहत कैमूर में भी सभी शिक्षण संस्थानों को विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया है. विद्यालय और कॉलेज अपने स्तर पर गतिविधियों की रूपरेखा तैयार कर खेलों को बढ़ावा देंगे.

सभी शिक्षण संस्थानों को भेजा गया निर्देश

खेल विभाग की ओर से जारी पत्र के बाद कैमूर के उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा ओम प्रकाश सिंह ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र भेजा है. इसमें जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य शिक्षण संस्थानों को राज्य सरकार के निर्देशों का तत्काल अनुपालन कराने का अनुरोध किया गया है. संस्थानों को खेल प्रतियोगिताओं के साथ विभिन्न फिटनेस गतिविधियों में विद्यार्थियों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिये गये हैं.

खेल संस्कृति मजबूत करना सरकार का लक्ष्य

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि भारत रत्न और महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया जाने वाला राष्ट्रीय खेल दिवस युवाओं में खेल संस्कृति को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है. इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने और नियमित शारीरिक गतिविधियों के महत्व के प्रति जागरूकता पैदा करना है.

30 अगस्त तक चलेगा फिटनेस अभियान

फिट इंडिया अभियान के तहत 30 अगस्त तक विशेष गतिविधियां आयोजित की जायेंगी. अभियान का संदेश “फिट रहो, फिट इंडिया” रखा गया है. इसके तहत विद्यार्थियों और नागरिकों को प्रतिदिन कम से कम एक घंटे किसी न किसी खेल या शारीरिक गतिविधि में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जायेगा. राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजनों को भी इसी अभियान से जोड़कर व्यापक जनभागीदारी पर जोर दिया गया है.

दौड़, योग और खेल प्रतियोगिताओं पर जोर

कैमूर में जारी निर्देश के अनुसार शिक्षण संस्थानों में खेल प्रतियोगिताएं, दौड़, योग, फिटनेस गतिविधियां और अन्य शारीरिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. अधिकारियों का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों और युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली की आदत विकसित करने में मदद मिलेगी.

स्कूल-कॉलेजों में तेज हुई तैयारियां

राज्य सरकार के निर्देश के बाद कैमूर के विद्यालयों और महाविद्यालयों में राष्ट्रीय खेल दिवस को लेकर तैयारियां तेज हो गयी हैं. शुक्रवार को जिलेभर के स्कूल और कॉलेजों के मैदान खेल गतिविधियों से गुलजार रहेंगे. विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगिताओं और फिटनेस कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को खेलों के माध्यम से श्रद्धांजलि देंगे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sunil kr pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >