Kaimur Raod Accident News : कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में बरेज मिडिल स्कूल के सामने दक्षिणी सर्विस लेन पर शुक्रवार को मैजिक और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार दो किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. जानकारी के अनुसार, भिट्टी गांव निवासी विकास कुमार (16 वर्ष), पिता संदीप कुमार, और हिमांशु कुमार (16 वर्ष), पिता विनोद सिंह, बाइक से अपने गांव से मोहनिया आ रहे थे. इसी दौरान बरेज मिडिल स्कूल के सामने दक्षिणी सर्विस लेन पर सामने से आ रही मैजिक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
प्राथमिकी उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत मोहनिया पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल, मोहनिया पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद विकास कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. वहीं हिमांशु कुमार का इलाज अनुमंडल अस्पताल में चल रहा है.
मैजिक चालक से पूछताछ कर रही पुलिस
पुलिस ने मैजिक चालक अमित कुमार, पिता कामाक्ष्या बैठा, निवासी दादर, को हिरासत में लेकर थाने ले गई है. बताया जाता है कि मैजिक चालक खाना लेकर बिलोरी गांव की ओर जा रहा था. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई है.
