Kaimur Weather Update News : बिहार के कई जिलों में इन दिनों भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. जून का महीना खत्म होने को है, लेकिन मानसून की सक्रियता अभी भी पूरी तरह देखने को नहीं मिल रही है. कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी जरूर हुई है, लेकिन उसके बाद भी उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिल पाई है. इसी बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर राहत भरी संभावना जताई है.
कैमूर में गर्मी और उमस से कब मिलेगी राहत
कैमूर और आसपास के इलाकों में फिलहाल लोगों को तेज गर्मी और चिपचिपी उमस से राहत मिलने के आसार कम हैं. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो दिनों तक स्थिति लगभग ऐसी ही बनी रह सकती है. हालांकि इसके बाद मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है. शुक्रवार को सुबह हल्की बारिश और तेज पुरवा हवा से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन कुछ ही देर बाद तेज धूप निकल आई. इसके बाद उमस और भी ज्यादा बढ़ गई और पूरे दिन लोग बेचैनी और गर्मी से परेशान रहे.
ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र (IMD) ने शनिवार यानी आज रोहतास समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी क्या है. यह अलर्ट “Be prepared” श्रेणी में रखा गया है, यानी स्थिति गंभीर हो सकती है लेकिन सही सावधानी से नुकसान कम किया जा सकता है. इस चेतावनी में राज्य के रोहतास ,औरंगाबाद और गया जिले के कुछ हिस्सों में अगले दो से तीन घंटे के भीतर मौसम बिगड़ने की संभावना जताई गई है.
आज का मौसम कैसा रहेगा
शनिवार को भी कैमूर और आसपास के जिलों में गर्मी का असर तेज रहेगा. मौसम विभाग के अनुसार तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. दिन में तेज धूप लोगों को परेशान करेगी. हालांकि शाम या रात के समय गरज और चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है. इससे कुछ इलाकों में थोड़ी राहत मिल सकती है. लेकिन दिनभर गर्मी और उमस का असर बना रहेगा.
शुक्रवार को कैसा रहा मौसम
शुक्रवार की सुबह मौसम में अचानक बदलाव देखा गया. तेज पुरवा हवा के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई और कुछ देर के लिए मौसम सुहाना हो गया. लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी. कुछ ही समय बाद बादल छंट गए और तेज धूप निकल आई. इसके बाद उमस और गर्मी ने लोगों को पूरे दिन परेशान किया. शाम के बाद ही हल्की राहत महसूस की गई.
तापमान और नमी ने बढ़ाई परेशानी
शुक्रवार को अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हवा की रफ्तार लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे रही. नमी 51 प्रतिशत तक पहुंचने के कारण लोगों को वास्तविक तापमान से कहीं ज्यादा यानी करीब 48 डिग्री जैसा एहसास हुआ. यही वजह है कि लोग पूरे दिन चिपचिपी गर्मी से परेशान रहे.
सेहत पर भी दिख रहा असर
लगातार उमस भरी गर्मी का असर अब लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है. सदर अस्पताल में सर्दी, बुखार, डायरिया और अन्य मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है.डॉक्टरों के अनुसार मौसम में लगातार बदलाव के कारण शरीर पर असर पड़ रहा है और लोग जल्दी बीमार हो रहे हैं.
डॉक्टरों की सलाह
चिकित्सक ने लोगों को सलाह दी है कि इस मौसम में पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें. उन्होंने कहा कि धूप में अनावश्यक बाहर निकलने से बचें और हल्का भोजन करें. उन्होंने यह भी कहा कि बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखा जाए क्योंकि ऐसे मौसम में वे जल्दी प्रभावित होते हैं.
बिहार में फिलहाल गर्मी और उमस का दौर जारी है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में मानसून सक्रिय होने की संभावना है. अगर ऐसा होता है तो लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है. फिलहाल प्रशासन और मौसम विभाग दोनों की नजर आने वाले दिनों के मौसम पर टिकी हुई है, जिससे उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही बारिश गर्मी से राहत दिलाएगी.
